रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का क्षत-विक्षत शव, परिवार पर टूटा दु:खों का पहाड़

Screenshot

अरड़ावता निवासी 25 वर्षीय दीपक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत की आशंका, पुलिस कर रही मामले की गहन जांच

चिड़ावा। झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
निकटवर्ती गांव अरड़ावता में शनिवार सुबह उस समय शोक की लहर दौड़ गई, जब गांव के 25 वर्षीय युवक का शव रेलवे ट्रैक पर क्षत-विक्षत अवस्था में मिला। मृतक की पहचान दीपक पुत्र विनोद मेघवाल के रूप में हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है।

शाम को घर लौटा, सुबह मिला शव

परिजनों के अनुसार दीपक रोजाना की तरह मजदूरी करने गया था और शुक्रवार शाम करीब सात बजे काम से लौटकर घर आया था। इसके बाद वह घर से निकल गया। शनिवार सुबह जब वह निर्धारित समय पर काम पर नहीं पहुंचा तो ठेकेदार और उसके साथियों ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसका मोबाइल फोन बंद मिला। इससे परिजनों की चिंता बढ़ गई और उन्होंने उसकी तलाश शुरू कर दी।

स्टेशन से तीन किलोमीटर दूर मिला शव

काफी खोजबीन के बाद अरड़ावता रेलवे स्टेशन से करीब तीन किलोमीटर दूर रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में दीपक का शव पड़ा मिला। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि रात के समय सीकर से दिल्ली की ओर जाने वाली किसी ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हुई होगी। हालांकि घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

जवान बेटे की मौत से परिवार में मचा कोहराम

दीपक की असमय मौत से पूरे परिवार पर दु:खों का पहाड़ टूट पड़ा है। पिता विनोद मेघवाल मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं। जवान बेटे के निधन की खबर मिलते ही घर में मातम छा गया। मृतक अपने पीछे माता अनिता देवी, पिता विनोद, छोटे भाई राहुल और बहन रीना को छोड़ गया है। राहुल प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है, जबकि रीना बीए की छात्रा है।

पुलिस जुटी हर पहलू की जांच में

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। शव का पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।युवा बेटे की दर्दनाक मौत ने न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव को गहरे सदमे में डाल दिया है। गांव में दिनभर शोक का माहौल बना रहा और बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने परिजनों को सांत्वना दी।