सिंघाना में पहली बरसात में नगरपालिका के दावों की पोल खुली

नालियों का कीचड़ व गंदा पानी भी आया सड़क पर , आमजन को करना पड़ा भारी परेशानियों का सामना

खेतड़ी I झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
सिंघाना कस्बे में हुई पहली बारिश ने ही नगर पालिका प्रशासन के दावों की पोल खोलकर रख दी। बारिश के बाद सर्किल से लेकर पुलिस थाने तथा मुख्य बाजार तक जलभराव की स्थिति बन गई, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब गईं और लोगों का आवागमन प्रभावित हो गया। जानकारी के अनुसार नगर पालिका द्वारा बारिश से पूर्व नालियों की समुचित सफाई नहीं करवाई गई, जिसके कारण वर्षा का पानी निकासी नहीं होने से सड़कों पर भर गया। कई जगहों पर घुटनों से ऊपर तक पानी जमा हो गया। नालियां चौक होने के कारण हालात और अधिक खराब हो गए तथा नालियों का कीचड़ और गंदा पानी भी सड़कों पर फैल गया। बारिश का पानी मुख्य बाजार क्षेत्र की सब्जी एवं अन्य दुकानों में भी घुस गया, जिससे व्यापारियों को नुकसान उठाना पड़ा। वहीं जलभराव के कारण कई दोपहिया और चारपहिया वाहन बीच रास्ते में बंद हो गए, जिससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने नगर पालिका प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि समय रहते नालियों की सफाई करवाई जाती तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। जलभराव और गंदगी से परेशान ग्रामीणों एवं व्यापारियों में नगर पालिका प्रशासन के प्रति आक्रोश देखा गया। लोगों ने प्रशासन से शीघ्र जलनिकासी व्यवस्था दुरूस्त करने तथा नियमित रूप से नालियों की सफाई करवाने की मांग की है, ताकि आगामी बारिश में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो। व्यापारियों ने बताया कि यदि प्रशासन ने जल्द ही कोई आवश्यक कदम नहीं उठाया तो व्यापारियों की ओर से आंदोलन किया जाएगा।