चूरू जिले में प्री-डीएलएड परीक्षा शांतिपूर्ण संपन्न, 2394 अभ्यर्थी रहे अनुपस्थित

23 परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में हुई परीक्षा, गर्मी के बीच प्रशासन ने किए विशेष इंतजाम

चूरू। चूरू जिले में बुधवार को प्री-डीएलएड परीक्षा शांतिपूर्ण एवं कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच संपन्न हुई। जिले के 23 परीक्षा केंद्रों पर दो पारियों में आयोजित परीक्षा में कुल 10 हजार 811 अभ्यर्थी शामिल हुए, जबकि दोनों पारियों को मिलाकर 2 हजार 394 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर सुबह से ही अभ्यर्थियों की भीड़ देखने को मिली और प्रवेश पत्र की जांच के बाद ही प्रवेश दिया गया।पहली पारी की परीक्षा सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित हुई। इसमें 6 हजार 603 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 5 हजार 350 उपस्थित हुए, जबकि 1 हजार 253 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।दूसरी पारी दोपहर 2:30 बजे से शाम 5:30 बजे तक चली। इसमें 6 हजार 602 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 5 हजार 461 ने परीक्षा दी तथा 1 हजार 141 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।दूसरी पारी के दौरान तेज गर्मी और धूप के कारण परीक्षार्थियों में परीक्षा केंद्रों में जल्दी प्रवेश को लेकर उत्सुकता रही। राजकीय लोहिया कॉलेज एवं जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सीनियर सेकेंडरी स्कूल सहित कुछ केंद्रों पर छाया, ठंडे पानी और कूलर की व्यवस्था की गई थी।जिला समन्वयक एवं लोहिया कॉलेज की प्रिंसिपल डॉ. मंजू शर्मा ने बताया कि परीक्षा की पारदर्शिता बनाए रखने के लिए प्रत्येक कक्ष में दो वीक्षकों की नियुक्ति की गई थी। सभी परीक्षा केंद्रों पर प्रशासन एवं पुलिस की कड़ी निगरानी रही तथा अधिकारियों ने लगातार निरीक्षण किया।