झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
किसान, मजदूर एवं शोषित वर्ग की आवाज बुलंद करने वाले आंचल के अग्रणी अमर शहीद करणीराम-रामदेव का शहादत दिवस बुधवार को जिला मुख्यालय स्थित कलेक्ट्रेट के निकट उनके स्मारक स्थल पर श्रद्धा एवं सम्मान के साथ मनाया जाएगा। कार्यक्रम प्रातः 8:30 बजे से शुरू होगा, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, जवान, युवा, महिलाएं, प्रबुद्धजन एवं जनप्रतिनिधि भाग लेंगे। समारोह के संयोजक विजयगोपाल मोटसरा ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी जाएगी। कार्यक्रम में अतिथिगण, जनप्रतिनिधि एवं प्रबुद्धजन शहीद करणीराम-रामदेव के अतुलनीय बलिदान, संघर्ष और समाज के प्रति उनके योगदान पर अपने विचार व्यक्त करेंगे। उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान स्मारक स्थल स्थित पार्क के जीर्णोद्धार एवं सौंदर्यीकरण में उत्कृष्ट सहयोग देने वाले भामाशाहों का सम्मान भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों एवं ग्रामीण प्रतिनिधियों ने अधिकाधिक संख्या में उपस्थित रहने की अपील की है।













