“संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान के तहत जुटेंगे कांग्रेस नेता, ओबीसी आरक्षण व जनहित मुद्दों पर बनेगी रणनीति
झुंझुनूं I अजीत जांगिड़
राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग के तत्वावधान में जिला कांग्रेस कमेटी ओबीसी विभाग की संगठनात्मक बैठक एवं कार्यकारिणी शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन 14 मई को सुबह 10:30 बजे एनएमटी गर्ल्स कॉलेज के पास शहीद इन्द्र सिंह सैनी स्मारक के सामने स्थित श्री श्याम रेस्टोरेंट में किया जाएगा। कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं और ओबीसी विभाग पदाधिकारियों में उत्साह का माहौल है। जिला कांग्रेस ओबीसी विभाग के जिलाध्यक्ष संतोष सैनी ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी के ओबीसी विभाग अध्यक्ष हरसहाय यादव के निर्देशानुसार पीसीसी के “संगठन बढ़ाओ, लोकतंत्र बचाओ” अभियान को जिले में मजबूती से आगे बढ़ाया जाएगा। इसी कड़ी में संगठनात्मक बैठक के साथ नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण भी कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में राजस्थान कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेशाध्यक्ष हरसहाय यादव, पीसीसी महासचिव ताराचंद सैनी, संगठन महासचिव सागर मावर, जिला प्रभारी डॉ. उमराव यादव, सहप्रभारी अमोलक कुमावत, झुंझुनूं सांसद बृजेन्द्र सिंह ओला, मंडावा विधायक एवं कांग्रेस जिलाध्यक्ष रीटा चौधरी, उदयपुरवाटी विधायक भगवानाराम सैनी, सूरजगढ़ विधायक श्रवण कुमार, पिलानी विधायक पितराम काला, पूर्व मंत्री डॉ. जितेन्द्र सिंह, डॉ. राजकुमार शर्मा, मनीषा गुर्जर, अमित ओला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे। बैठक में ओबीसी वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं राजनीतिक उत्थान को लेकर व्यापक चर्चा की जाएगी। साथ ही पंचायत एवं निकाय चुनावों में “जिसकी जितनी संख्या भारी, उसकी उतनी हिस्सेदारी” के सिद्धांत को लागू करने तथा राजस्थान में केंद्र सरकार की तर्ज पर ओबीसी वर्ग को 27 प्रतिशत आरक्षण देने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा।कार्यक्रम में महिला आरक्षण को लेकर भाजपा पर भ्रम फैलाने का आरोप लगाते हुए ओबीसी कांग्रेस द्वारा इसकी वास्तविकता जनता के सामने रखने की रणनीति भी बनाई जाएगी। इसके अलावा भाजपा सरकार को महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, कानून व्यवस्था, पेयजल संकट तथा पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों में देरी जैसे मुद्दों पर घेरने को लेकर भी चर्चा होगी। संतोष सैनी ने कहा कि ओबीसी कांग्रेस आगामी समय में जनता के हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर व्यापक जनआंदोलन एवं अभियान चलाने की रूपरेखा तैयार करेगी।













