प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में धूमधाम से मनाया गया मातृत्व दिवस

कक्षा 8 तक के बच्चों की 500 से अधिक माताओं की उपस्थिति में हुआ भव्य आयोजन, चेयरपर्सन सावित्री कालेर रहीं मुख्य अतिथि

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में मातृत्व दिवस (मदर्स डे) का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास एवं भव्यता के साथ संपन्न हुआ। इस विशेष अवसर पर विद्यालय परिसर में कक्षा 8 तक के बच्चों की 500 से अधिक माताएं उपस्थित रहीं और कार्यक्रम ने एक यादगार पारिवारिक उत्सव का स्वरूप ले लिया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि प्रिंस ग्रुप ऑफ स्कूल्स की चेयरपर्सन सावित्री कालेर रहीं। उन्होंने उपस्थित माताओं को मातृत्व दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं प्रदान कीं और माँ के अतुलनीय स्नेह एवं त्याग को नमन किया। कार्यक्रम का सर्वाधिक आकर्षण का केंद्र माताओं के लिए आयोजित विविध खेल प्रतियोगिताएं रहीं। कप एंड स्ट्रॉ, बैलून बैलेंस तथा बॉल बैलेंस जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताओं में माताओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और पूरा वातावरण खुशी व उत्साह से भर उठा। माताओं के उत्साह एवं स्फूर्ति को देखकर बच्चे भी अपनी खुशी छुपा न सके। विद्यालय के संगीत शिक्षक पुलकित कुमार ने माताओं को समर्पित एक भावपूर्ण गीत प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी माताओं के हृदय को भावविभोर कर दिया। इसके साथ ही विद्यालय के छोटे बच्चों ने भी अपनी प्रिय माताओं के सम्मान में कविता-पाठ, गायन एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियाँ दीं, जिन्हें देखकर माताओं की आँखें स्नेह और गर्व से भर आईं। प्रिंस ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. जी. एल. कालेर के कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम ने यह सिद्ध किया कि विद्यालय शैक्षणिक उत्कृष्टता के साथ-साथ सांस्कृतिक एवं पारिवारिक मूल्यों के संरक्षण के प्रति भी पूर्णतः समर्पित है I कार्यक्रम के समापन पर संस्थान के निदेशक निर्मल कालेर ने समस्त उपस्थित माताओं, अतिथियों एवं कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त शिक्षकों व कर्मचारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।इस अवसर पर एकेडमिक डायरेक्टर समीर शर्मा, प्रिंसिपल डॉ अनिता पंत शर्मा, महेंद्र सैनी व सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।