विश्व रक्तदाता दिवस पर 714 यूनिट रक्त संग्रहित, रक्तदाताओं को हेलमेट भेंट कर किया गया सम्मान, नोहर में पहली बार किसी अफसर को रक्त से तौलकर रचा गया इतिहास
नोहर। विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर रविवार को नोहर कस्बे के रामा मैरिज पैलेस में एक अनूठा और प्रेरणादायक आयोजन देखने को मिला। आमतौर पर परिवहन विभाग और आरटीओ को लेकर लोगों के मन में चालान, जुर्माने और सख्त नियमों की छवि रहती है, लेकिन जागरूकता कार्यशालाओं और सोशल मीडिया के माध्यम से प्रेमपूर्वक यातायात नियमों की जानकारी देने वाले आरटीओ रायसिंह के सम्मान में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण आरटीओ रायसिंह को रक्तदान के माध्यम से प्रतीकात्मक रूप से रक्त से तौलने का आयोजन रहा, जिसने उपस्थित लोगों को मानव सेवा और रक्तदान के प्रति प्रेरित किया।

714 यूनिट रक्त संग्रहित, युवाओं में दिखा उत्साह
शिविर में युवाओं, महिलाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न संगठनों के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। राजकीय ब्लड बैंक हनुमानगढ़ और नोहर ब्लड बैंक की संयुक्त टीम द्वारा कुल 714 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया।रक्तदान शिविर में सीमावर्ती राज्यों हरियाणा और पंजाब के अलावा चूरू और बीकानेर जिलों से भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचे और रक्तदान कर मानव सेवा का संदेश दिया।

रक्तदाताओं को हेलमेट देकर किया सम्मानित
रक्तदाताओं के उत्साहवर्धन के लिए ब्रह्मलीन गोसेवी संत श्री पदमारामजी कुलरिया के आशीर्वाद से पदम ग्रुप ऑफ कम्पनी, मुंबई की ओर से कानाराम, शंकरलाल एवं धर्मचंद कुलरिया द्वारा प्रत्येक रक्तदाता को आईएसआई मार्का हेलमेट भेंट कर सम्मानित किया गया। वहीं, ब्लड बैंक की ओर से सभी रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में आरटीओ रायसिंह के प्रति लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था। उनके साथ सेल्फी लेने के लिए लोगों में विशेष उत्सुकता दिखाई दी।
“यह शिविर अन्य अधिकारियों के लिए भी प्रेरणा” : राज जांगिड़
इस अवसर पर प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता राज जांगिड़ ने रक्तवीरों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि भीषण गर्मी के बावजूद लोगों का उत्साह, जोश और समर्पण अपने आप में प्रेरणादायक है।उन्होंने कहा कि किसी अधिकारी के प्रति जनता का इतना स्नेह कि लोग अपने रक्त से उन्हें प्रतीकात्मक रूप से तौलें, यह असाधारण बात है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन अन्य अधिकारियों के लिए भी प्रेरणा है कि वे मेहनत, ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करें।रक्तदान महादान, सड़क सुरक्षा का भी दिया संदेशकार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि रक्तदान एक महादान है, जिससे जरूरतमंद मरीजों को नया जीवन मिलता है। साथ ही हेलमेट वितरण के माध्यम से सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का भी सार्थक प्रयास किया गया है।आरटीओ रायसिंह ने सभी रक्तदाताओं और आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे भविष्य में भी एक लोकसेवक के रूप में अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, निष्ठा और जनहित की भावना के साथ करते रहेंगे।

अनेक गणमान्य नागरिक रहे मौजूद
कार्यक्रम में फिल्म अभिनेता राज जांगिड़, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष रामकिशन भाकर, निवर्तमान जिला लोकपाल विनोद जांगिड़, ब्लडमैन ऑफ इंडिया अमरसिंह नायक, 60 बार रक्तदान कर चुकी महिला रक्तदाता बिमला कस्वां, टिब्बी के निवर्तमान पालिकाध्यक्ष कुलवंत सुथार, कृषि उपज मंडी के निवर्तमान अध्यक्ष बलवीर सुथार, पूर्व उपप्रधान रामकुमार स्वामी, विश्व हिन्दू परिषद के सतवीर सहारण, सामाजिक कार्यकर्ता मकबूल मुलतानी, पूर्व सरपंच ओमप्रकाश नायक, भाजपा चूरू के जिला महामंत्री कृष्ण भाकर, भाजपा राजगढ़ मंडल अध्यक्ष कृष्ण जांगिड़, मोहनलाल शर्मा, ओमप्रकाश ढाका, प्रीति जांगिड़, सतपाल जांगड़ा सहित विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।वहीं कार्यक्रम का लाइव प्रसारण देखने के बाद देश के जाने-माने इंटीरियर उद्योग से जुड़े भामाशाह शंकर कुलरिया तथा धर्मचंद कुलरिया ने सभी रक्तवीरों का हृदय से आभार व्यक्त किया।कार्यक्रम का सफल संचालन युवा कर्मठ एवं सेवाभावी कार्यकर्ता मांगीलाल नायक ने किया।













