स्पंदन-2026 में देशभक्ति और लोकरंग की छटा, प्रतिभाओं का हुआ सम्मान

चूरू। स्मॉल वंडर चिल्ड्रन एकेडमी की ओर से शनिवार शाम जिला मुख्यालय स्थित मातुश्री कमला गोइनका टाउन हॉल में वार्षिकोत्सव “स्पंदन 2026” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों ने देशभक्ति और लोकरंग से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित भी किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) ओम प्रकाश प्रजापत ने अपने प्रेरक उद्बोधन में विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल परीक्षा में अच्छे अंक लाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह एक अच्छे नागरिक के निर्माण की आधारशिला है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे अनुशासन, मेहनत और नैतिक मूल्यों को अपनाकर देश और समाज की सेवा में अपना योगदान दें।विशिष्ट अतिथि जनसंपर्क विभाग के उपनिदेशक कुमार अजय ने अपने संबोधन में कहा कि भारत की युवा प्रतिभाएं देश की सबसे बड़ी ताकत हैं और इन प्रतिभाओं को निखारने का कार्य शैक्षणिक संस्थान बखूबी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और उन्हें अपनी प्रतिभा को मंच देने का अवसर मिलता है। उन्होंने “राष्ट्र प्रथम” के भाव के साथ जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी।कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित समाजसेवी धर्मवीर जाखड़ तथा मधुर स्पेशल शिक्षण संस्थान की प्रधानाचार्य अंजू नेहरा ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर सीखने और आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए वरिष्ठ अधिवक्ता जी.एन. गौरी ने संस्थान द्वारा किए जा रहे शैक्षणिक और सांस्कृतिक प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।कार्यक्रम का संचालन अभिलाषा तिवाड़ी ने प्रभावी ढंग से किया। संस्थान निदेशक सचिन शर्मा ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यालय की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, वहीं प्रधानाध्यापिका अनीता शर्मा ने विद्यालय की गतिविधियों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की।आयोजन की सफलता में कृष्ण शर्मा (कोरियोग्राफर), एस.एल. नायक, आभा शर्मा, खुशबू शर्मा, ममता सैनी, मोनिका शर्मा, मीनू शर्मा, जाकिर खान, विनोद मेघवाल, प्रियंका स्वामी, पूजा प्रजापत, दिव्या सिंह, मनीषा, फातिमा कुरैशी एवं सोनू सैनी सहित अनेक सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों ने सभी का दिल जीत लिया और तालियों की गूंज से पूरा सभागार गूंज उठा।