आरयूएचएस दीक्षांत समारोह में नौरंगराम दयानंद ढूकिया नर्सिंग कॉलेज झुंझुनूं की किरण कंवर को स्वर्ण पदक

पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग में राजस्थान टॉप, बिरला ऑडिटोरियम जयपुर में हुआ सम्मान, कलेक्टर ने भी दी बधाई

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय ने हाल ही में 24 अप्रेल को बिरला ऑडिटोरियम जयपुर में अपना 11वां दीक्षांत समारोह का आयोजन किया। समारोह में कई गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति रही। जिनमें राजस्थान के राज्यपाल एवं आरयूएचएस के कुलाधिपति हरिभाऊ बागड़े तथा राजस्थान के स्वास्थ्य मंत्री गजेंद्रसिंह खींवसर विशेष रूप से शामिल थे। यह समारोह उन छात्रों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि का प्रतीक रहा। जिन्होंने अपनी डिग्री एवं डिप्लोमा सफलतापूर्वक पूर्ण किए। इस अवसर पर नौरंगराम दयानंद ढूकिया नर्सिंग कॉलेज झुंझुनूं के लिए गर्व का क्षण देखने को मिला। कॉलेज की पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग फाइनल ईयर की मेधावी छात्रा कुमारी किरण कंवर पुत्री इंद्रा सिंह राजावत को पोस्ट बेसिक बीएससी नर्सिंग फाइनल ईयर मई 2024 की परीक्षा में राजस्थान टॉप करने पर स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। झुंझुनूं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग द्वारा भी छात्रा किरण कंवर को उनकी शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए सम्मानित किया गया तथा बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की गई। संस्थान सचिव डॉ. संदीप ढूकिया ने बताया कि यह उपलब्धि संस्थान के लिए अत्यंत गर्व का विषय है और यह अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। उन्होंने कहा कि संस्थान निरंतर गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। संस्थान अध्यक्ष डॉ. सुनिता ढूकिया ने बताया कि यह सफलता छात्रा की मेहनत, अनुशासन और समर्पण का परिणाम है। उन्होंने आगे कहा कि हमारा संस्थान हमेशा से विद्यार्थियों को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा और बेहतर मार्गदर्शन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध रहा है। ऐसे उत्कृष्ट परिणाम यह दर्शाते हैं कि सही दिशा और परिश्रम से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। उन्होंने किरण कंवर को हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और अन्य विद्यार्थियों को भी उनसे प्रेरणा लेकर आगे बढ़ने का संदेश दिया। कॉलेज प्रबंधन, प्राचार्य एवं समस्त स्टाफ ने इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी।