मामले में पहले ही 7 आरोपी हो चुके हैं गिरफ्तार
चिड़ावा । झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
चिड़ावा थाना पुलिस ने पोस्टमैन पर हुए जानलेवा हमले के मामले में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी सचिन कुमार को हरियाणा के बहादुरगढ़ से गिरफ्तार किया है। इस मामले में पूर्व में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा वृताधिकारी विकास धींधवाल के सुपरविजन में थानाधिकारी अम्बिका चौधरी के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा। जानकारी के अनुसार 11 सितंबर 2025 को सुलताना निवासी सुभाष चंद मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनका भतीजा विजय कुमार, जो चिड़ावा पोस्ट ऑफिस में पोस्टमैन है, ड्यूटी के बाद घर लौट रहा था। अरड़ावता गांव के पास मोड़ पर अज्ञात बदमाशों ने कार और मोटरसाइकिल लगाकर उसका रास्ता रोक लिया। इसके बाद 6-7 हमलावरों ने चेहरे ढककर लोहे की रॉड से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हेलमेट होने के कारण सिर पर गंभीर चोट से बचाव हो गया, लेकिन हाथ-पैर में फ्रैक्चर हो गया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिससे आरोपियों और घटना में प्रयुक्त वाहनों की पहचान हुई। जांच में मामला एससी-एसटी एक्ट से जुड़ा पाया गया। इसके बाद पुलिस ने क्रमशः हिमांशु, शेखी सैनी, चंदन उर्फ बाज, अनिल उर्फ मिठ्ठू, महेंद्र सिंह मीणा और आकाश डोकवाल को गिरफ्तार किया।
फरारी के दौरान करता रहा कैब ड्राइविंग
घटना के बाद से फरार आरोपी सचिन कुमार उर्फ कालू निवासी खेड़ला की गिरफ्तारी पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। पुलिस टीम ने लगातार दबिश देते हुए 25 अप्रैल 2026 को उसे बहादुरगढ़ (हरियाणा) से पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि फरारी के दौरान वह दिल्ली, गुरुग्राम, नजफगढ़ और बहादुरगढ़ में रहकर ओला-ऊबर कैब चलाता रहा।इस कार्रवाई में वृताधिकारी विकास धींधवाल, थानाधिकारी अम्बिका चौधरी, एसआई मुकेश कुमार, एचसी सुधीर सिंह तथा कांस्टेबल विकास कुमार, महेंद्र कुमार और राकेश की विशेष भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है तथा मामले में आगे की जांच जारी है।
SIKAR : सिर्फ ₹1 में शादी! दहेज को ठुकराकर युवक बना मिसाल | सीकर की प्रेरक कहानी
चूरू अस्पताल में बड़ा हादसा टला, ऑक्सीजन प्लांट के पास आग, ड्यूटी पर शराबी फायरमैन गिरफ्तार

















