कांग्रेस की चौथी सूचि जारी, चूरू विधानसभा क्षेत्र से रफीक मंडेलिया होंगे कांग्रेस का चेहरा

कांग्रेस ने जिले की समस्त 6 विधानसभा सीटों पर घोषित किए प्रत्याशी, जबकि 2 सीटों पर भाजपा के चेहरों का अभी इंतजार

चूरू।आगामी राजस्थान विधानसभा चुनाव के मध्येनजर कांग्रेस ने राजस्थान में 56 लोगों की चौथी सूची मंगलवार देर शाम जारी कर दी है। कांग्रेस की चौथी सूची के अनुसार चूरू विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया को प्रत्याशी बनाया है।इसके साथ ही कांग्रेस ने जिले की समस्त विधानसभा सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं, जबकि भाजपा में अभी सरदारशहर और तारानगर विधानसभा सीटों पर पेच फंसा हुआ है।कांग्रेस द्वारा रफीक मंडेलिया को चूरू से प्रत्याशी बनाए जाने की सूचना के साथ ही उत्साही कार्यकर्ताओं ने मंडेलिया हाउस कार्यालय के समक्ष जमकर आतिशबाजी की तथा मिठाई खिलाकर जश्न मनाया। ज्ञात रहे जिले की समस्त 6 विधानसभा सीटों में 5 सीटों पर कांग्रेस ने अपने प्रत्याशी पहले ही फाइनल कर दिए थे लेकिन चूरू की सीट पर पेच फंसा हुआ था। गौरतलब है कि चूरू विधानसभा क्षेत्र से 32 कार्यकर्ताओं ने टिकिट के लिए दावेदारी पेश की थी, इतना ही नहीं सभी दावेदारों ने पर्यवेक्षकों के समक्ष एक सुर में स्थानीय व्यक्ति को उम्मीदवार बनाए जाने की मांग उठाई थी, जिसके चलते चूरू विधानसभा सीट की टिकिट अटकी हुई थी। राजनैतिक गलियारों में हो रही चर्चाओं की अगर मानें तो इस बार पार्टी आलाकमान ने प्रत्येक विधानसभा सीट पर अलग—अलग सर्वे करवा कर जिताउ उम्मीदवार को ही टिकिट देना सुनिश्चित किया था। सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार चूरू विधानसभा क्षेत्र से रफीक मंडेलिया के अलावा कोई अन्य उम्मीदवार पार्टी द्वारा करवाए गए सर्वे में खरा नहीं उतरा, नतीजन पार्टी को बार बार समीक्षा कर फिर से पिछली बार के प्रत्याशी रफीक मंडेलिया पर दाव खेलने का निर्णय लेना पड़ा है।आपको बता दें कि रफीक मंडेलिया वर्ष 2018 के विधानसभा चुनावों में भाजपा के राजेंद्र राठौड़ के सामने चुनावी दंगल में उतरे थे और 1850 मतों के अंतर से पराजित हुए थे।इससे पूर्व भी वर्ष 2013 के चुनाव में वे कांग्रेस के प्रत्याशी रहे है, इसके अलावा 2019 के लोकसभा चुनाव में भी वे बतौर प्रत्याशी कांग्रेस का प्रतिनिधित्व कर चुके है, दौनों ही चुनावों में उन्हे पराजय का सामना करना पडा था। लोगों का कहना है कि चुनाव का परिणाम जो भी हो लेकिन मुकाबला कांटे का रहेगा।