Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रशासन की व्यापक पहल , झुंझुनूं...

बच्चों के सुरक्षित भविष्य के लिए प्रशासन की व्यापक पहल , झुंझुनूं में 1.66 लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो की खुराक

झुंझुनूं में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान 2026 के प्रचार के लिए निकाली गई जागरूकता रैली, जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने दिखाई हरी झंडी

जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग रविवार को करेंगे अभियान का शुभारंभ, जागरूकता रैली से दिया शत-प्रतिशत टीकाकरण का संदेश , 3094 बूथों पर 6188 वैक्सीनेटर संभालेंगे जिम्मेदारी

झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखने और शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य हासिल करने के लिए जिला प्रशासन एवं चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान-2026 के तहत जिले में पांच वर्ष तक के 1 लाख 66 हजार 38 बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

अभियान को सफल बनाने के लिए प्रशासन ने जनजागरूकता, स्वास्थ्यकर्मियों की तैनाती और घर-घर टीकाकरण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित की है। अभियान के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा अभिभावकों को अपने बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संदेश देने के लिए शनिवार को नर्सिंग विद्यार्थियों की ओर से जागरूकता रैली निकाली गई।

शहीद स्मारक से जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली के माध्यम से आमजन को पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाने और इस राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर, एएनएमटीसी के सुरेंद्र डिग्रवाल, पिलानी बीसीएमओ डॉ. नरोत्तम जांगिड़, डीपीसी डॉ. महेश कड़वासरा एवं संजीव महला सहित अन्य अधिकारी एवं कार्मिक मौजूद रहे।

मां की ममता पाठशाला में जिला कलक्टर करेंगे अभियान का शुभारंभ

राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान का जिला स्तरीय शुभारंभ रविवार सुबह 9:15 बजे पुलिस लाइन के सामने जोधपुरिया बस्ती स्थित मां की ममता पाठशाला में बनाए गए टीकाकरण बूथ पर होगा। जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग बच्चों को पोलियोरोधी दवा पिलाकर अभियान की शुरूआत करेंगे। प्रशासन की ओर से अभियान के माध्यम से प्रत्येक अभिभावक तक यह संदेश पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है कि बच्चों के स्वस्थ भविष्य के लिए टीकाकरण बेहद जरूरी है और कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित नहीं रहना चाहिए।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभियान के सफल संचालन के लिए जिलेभर में व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। इसके तहत 3094 टीकाकरण बूथ स्थापित किए गए हैं, जहां 6188 वैक्सीनेटर और 301 सुपरवाइजर की तैनाती की गई है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप बच्चों तक पहुंचकर टीकाकरण सुनिश्चित करेंगी। अभियान के दूसरे एवं तीसरे दिन स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाएंगी।

वहीं रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड एवं अन्य प्रमुख आवागमन स्थलों पर ट्रांजिट टीमों की तैनाती की गई है, ताकि यात्रा के दौरान भी कोई बच्चा टीकाकरण से वंचित नहीं रहे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने आमजन से अपील की है कि पांच वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं।

उन्होंने अभिभावकों से अपने आसपास के परिवारों को भी जागरूक करने और स्वास्थ्य विभाग की टीमों को सहयोग देने का आह्वान किया। जिला प्रशासन एवं चिकित्सा विभाग की इस पहल का उद्देश्य केवल निर्धारित टीकाकरण लक्ष्य हासिल करना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक परिवार को बाल स्वास्थ्य के प्रति जागरूक और जिम्मेदार बनाना भी है

। प्रशासनिक तैयारियों के साथ आमजन की सक्रिय भागीदारी से ही अभियान को सफल बनाया जा सकता है। दो बूंद जिंदगी की हर बच्चे तक पहुंचाना ही इस अभियान का मुख्य संकल्प है।

Advertisement