राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने किया जागरूकता पोस्टर का विमोचन, बोलीं– सुरक्षित बचपन और शिक्षा हर बच्चे का अधिकार
झुंझुनूं।अजीत जांगिड़
बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त कर बच्चों के सुरक्षित, शिक्षित और उज्ज्वल भविष्य की राह प्रशस्त करने के उद्देश्य से राजस्थान में बाल विवाह मुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता पहल को गति दी जा रही है। इसी क्रम में राजस्थान सरकार की राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने ‘पहले पढ़ाई, फिर विदाई’ जागरूकता पोस्टर का विमोचन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि राजस्थान को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी और व्यापक जनजागरूकता बेहद जरूरी है। राजस्थान महिला कल्याण मंडल, चाचियावास (अजमेर) के निदेशक राकेश कुमार कौशिक के निर्देशन में न्याय तक पहुंच परियोजना के तहत यह पहल जस्ट राइट्स फॉर चिल्ड्रन के सहयोग से संचालित की जा रही है।
अभियान के अंतर्गत नागौर जिला समन्वयक गरिमा सिंह राठौड़ सहित संस्थान की टीम ने राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार से पोस्टर का विमोचन करवाया। यह जागरूकता पोस्टर राजस्थान महिला कल्याण मंडल की ओर से मुंबई स्थित एसपीजेआईएमआर महाविद्यालय के प्रशिक्षु अक्षर एस. रमेश के सहयोग से तैयार किया गया है।
पोस्टर के माध्यम से प्रदेश के विभिन्न जिलों में बाल विवाह की रोकथाम, बालक-बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और बाल अधिकारों के प्रति सामाजिक चेतना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा। अभियान का प्रमुख उद्देश्य बच्चों को बाल विवाह जैसी कुप्रथा से बचाकर उन्हें शिक्षा, सुरक्षा, सम्मान और समान अवसर उपलब्ध करवाना है। साथ ही अभिभावकों, युवाओं और समुदाय को जागरूक कर बाल विवाह मुक्त भारत के निर्माण में सामूहिक सहभागिता सुनिश्चित करना भी इस पहल का महत्वपूर्ण लक्ष्य है।
‘साझा प्रयासों से बनाएंगे राजस्थान को बाल विवाह मुक्त’
पोस्टर विमोचन के अवसर पर राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार ने कहा कि सुरक्षित बचपन और शिक्षा प्रत्येक बच्चे का मौलिक अधिकार है। बच्चों का भविष्य बाल विवाह में नहीं, बल्कि शिक्षा, संस्कार और आत्मनिर्भरता में निहित है। उन्होंने कहा कि सरकार, सामाजिक संस्थाओं और आमजन के साझा प्रयासों से राजस्थान को बाल विवाह मुक्त बनाया जाएगा।
इसके लिए समाज में जागरूकता बढ़ाने के साथ बाल विवाह के खिलाफ सामूहिक संकल्प और जिम्मेदारी की भावना विकसित करना आवश्यक है। इस अवसर पर नागौर जिला समन्वयक गरिमा सिंह राठौड़ ने राज्य मंत्री डॉ. मंजू बाघमार सहित पोस्टर विमोचन में सहयोग करने वाले सभी लोगों का आभार व्यक्त किया।
राकेश कुमार कौशिक, निदेशक, राजस्थान महिला कल्याण मंडल, चाचियावास (अजमेर) ने बताया कि संस्था बाल अधिकारों की रक्षा और बाल विवाह की रोकथाम के लिए निरंतर जागरूकता गतिविधियां संचालित कर रही है। ‘पहले पढ़ाई, फिर विदाई’ का संदेश इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास है, जो समाज को बेटियों की शिक्षा, सुरक्षित बचपन और सम्मानजनक भविष्य के प्रति जागरूक करेगा।



















