Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं मतदान के दिन लोकतंत्र शर्मसार! सरपंच चुनाव की रंजिश में पूर्व सरपंच...

मतदान के दिन लोकतंत्र शर्मसार! सरपंच चुनाव की रंजिश में पूर्व सरपंच की मौत से भड़का जनआक्रोश , आरोपियों की गिरफ्तारी तक शव उठाने से इनकार

झुंझुनूं के विजयनगर में पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की मौत के बाद खेतड़ी-जयपुर मार्ग पर प्रदर्शन करते ग्रामीण

विजयनगर में मतदान केंद्र के बाहर खूनी संघर्ष ने पंचायत चुनाव की निष्पक्षता और मतदाताओं की सुरक्षा पर खड़े किए गंभीर सवाल , खेतड़ी-जयपुर मार्ग पर ग्रामीणों का प्रदर्शन , प्रशासन से वार्ता में पांच प्रमुख मांगों पर बनी सहमति , तब समाप्त हुआ धरना

खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पंचायती राज चुनाव में गांव की सरकार चुनने के लिए हुए मतदान के दौरान खेतड़ी उपखंड की विजयनगर ग्राम पंचायत में हुई हिंसक घटना ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को झकझोर कर रख दिया। सरपंच चुनाव के दौरान दो पक्षों के बीच हुए खूनी संघर्ष में घायल पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया।

मतदान के दिन हुई इस घटना ने चुनावी रंजिश, मतदाताओं की सुरक्षा और लोकतांत्रिक प्रक्रिया में हिंसा के बढ़ते दखल को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। घटना से आक्रोशित ग्रामीण मंगलवार को बड़ी संख्या में खेतड़ी-जयपुर सड़क मार्ग पर उतर आए और करमाड़ी के पास सड़क पर धरना देकर आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग पर अड़ गए।

ग्रामीणों का आक्रोश इस कदर था कि उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि जब तक वारदात में शामिल सभी आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक मृतक का पोस्टमार्टम नहीं करवाया जाएगा। सड़क पर प्रदर्शन के चलते खेतड़ी-जयपुर मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा। विजयनगर और आसपास के क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए पुलिस का भारी जाप्ता तैनात किया गया।

मतदान केंद्र के बाहर पर्ची बूथ पर हुआ था विवाद

जानकारी के अनुसार, सोमवार को विजयनगर ग्राम पंचायत में सरपंच पद के लिए मतदान चल रहा था। इसी दौरान मतदान केंद्र के बाहर मतदाताओं की पर्चियां बनाने के लिए लगाए गए बूथ पर दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। इस संघर्ष में पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए जयपुर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

इसके बाद शव को नीमकाथाना की मोर्चरी में रखवाया गया। बताया गया कि मृतक लक्ष्मीनारायण सैनी की पुत्रवधू सरपंच पद की प्रत्याशी हैं। ऐसे में चुनावी माहौल के बीच हुई इस हिंसक वारदात ने पूरे घटनाक्रम को और संवेदनशील बना दिया। जिस दिन ग्रामीणों को अपने मताधिकार का प्रयोग कर गांव की सरकार चुननी थी, उसी दिन मतदान केंद्र के बाहर हिंसा की घटना सामने आने से लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सुरक्षा पर सवाल उठने लगे।

सड़क पर उतरे ग्रामीण, गिरफ्तारी तक पोस्टमार्टम नहीं कराने का ऐलान

पूर्व सरपंच की मौत की सूचना के बाद मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण खेतड़ी-जयपुर सड़क मार्ग पर पहुंचे और करमाड़ी के पास धरने पर बैठ गए। प्रदर्शनकारियों ने घटना में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग उठाई। ग्रामीणों का कहना था कि एक जनप्रतिनिधि रहे व्यक्ति की मतदान के दिन हुई हिंसक घटना में जान चली जाना बेहद गंभीर मामला है।

ऐसे में केवल आश्वासन नहीं, बल्कि ठोस पुलिस कार्रवाई होनी चाहिए। धरने के दौरान ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमार्टम नहीं करवाने की बात कही। इससे प्रशासन और पुलिस के सामने कानून-व्यवस्था के साथ-साथ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की चुनौती खड़ी हो गई।

विधायक धर्मपाल गुर्जर ने जताई नाराजगी, एएसपी पहुंचे खेतड़ी

घटना को लेकर विधायक इंजीनियर धर्मपाल गुर्जर ने कहा कि मतदान जैसे लोकतांत्रिक महोत्सव के दौरान इस प्रकार की हिंसक घटना होना बेहद निंदनीय है। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासन के उच्च अधिकारियों से वार्ता कर पीड़ित परिवार को त्वरित न्याय दिलाने के निर्देश दिए। वहीं, स्थिति की गंभीरता को देखते हुए झुंझुनूं के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेंद्र सिंह राजावत भी खेतड़ी पहुंचे।

उन्होंने स्थानीय पुलिस अधिकारियों से घटनाक्रम की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस एवं प्रशासन के अधिकारी लगातार हालात पर नजर बनाए रहे। धरने में पूर्व विधायक पूर्णमल सैनी, मनोज कुमार घुमरिया, पूर्व प्रधान मनीषा गुर्जर, सिंघाना पार्षद धर्मपाल सैनी, पूर्व पार्षद लीलाधर सैनी, राहुल सैनी, अशोक सैनी, बलवीर सिंह, राजपाल, महेंद्र, सत्येंद्र, दिनेश कुमार, शिव कुमार सैनी, श्रवण सैनी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

पांच मांगों पर बनी सहमति , पोस्टमार्टम के बाद समाप्त हुआ धरना

ग्रामीणों और प्रशासन के बीच समझौता वार्ता आयोजित की गई। इसमें ग्रामीणों ने पांच प्रमुख मांगें रखीं जिनमें — एफआईआर में नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया जाए। पूर्व सरपंच लक्ष्मीनारायण सैनी की स्मृति में प्रतिमा स्थापित करने के लिए जगह आवंटित की जाए। ग्राम पंचायत के किसी एक विद्यालय का नामकरण लक्ष्मीनारायण सैनी के नाम पर किया जाए।

पूरे प्रकरण की जांच पुलिस अधीक्षक के सुपरविजन में करवाई जाए और विजयनगर मतदान केंद्र को अतिसंवेदनशील घोषित किये जाने की मांगे शामिल रही । प्रशासन और ग्रामीणों के बीच इन मांगों पर सहमति बनने के बाद धरना समाप्त करने पर सहमति बनी। इसके पश्चात राजकीय उप जिला अस्पताल खेतड़ी में शव का पोस्टमार्टम करवाया गया।

विजयनगर की यह घटना केवल दो पक्षों के बीच मारपीट तक सीमित नहीं है, बल्कि पंचायत चुनाव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और चुनावी माहौल को लेकर भी कई सवाल छोड़ गई है। गांव की सरकार चुनने की प्रक्रिया में यदि मतदान केंद्र के बाहर ही हिंसा होती है और एक व्यक्ति की जान चली जाती है, तो यह पूरे चुनावी तंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है।

अब ग्रामीणों की निगाहें पुलिस जांच और आरोपियों की गिरफ्तारी पर टिकी हैं। साथ ही यह भी देखना होगा कि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रशासन और पुलिस क्या ठोस कदम उठाते हैं।

Advertisement