स्कूल और आबादी के नजदीक रात में घूमता दिखाई दिया शावक; ग्रामीणों ने गश्त बढ़ाने और तत्काल वन विभाग की टीम भेजने की मांग की
प्रहलाद सिंह | पाली
जिले के बाली उपखंड में लुणावा-बाली रोड पर गांव के समीप पुलिये के पास प्रवीण सोनी के बेरे के नजदीक रात के समय पैंथर का शावक टहलता हुआ दिखाई दिया। शावक की गतिविधि सामने आने के बाद आसपास के ग्रामीणों में भय का माहौल है।
ग्रामीणों के अनुसार, यह क्षेत्र स्कूल और आबादी के नजदीक है। सड़क पर देर रात तक लोगों की आवाजाही रहती है। ऐसे में पैंथर या उसके शावक का खुले में घूमना राहगीरों और ग्रामीणों के लिए खतरा बन सकता है। बाली क्षेत्र में पहले भी आबादी वाले इलाकों में पैंथर की आवाजाही से लोगों में दहशत का माहौल बन चुका है।
वन विभाग से गश्त बढ़ाने और पिंजरा लगाने की मांग
ग्रामीणों ने वन विभाग से मांग की है कि तत्काल मौके पर टीम भेजकर क्षेत्र में रात के समय गश्त बढ़ाई जाए। साथ ही शावक को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाए, ताकि किसी भी अनहोनी को रोका जा सके।
Advertisement
















