प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को दिखेगा हैरतअंगेज प्रदर्शन , किकबॉक्सिंग और ताइक्वांडो में भी दमखम दिखाएंगे विद्यार्थी , फिटनेस का देंगे मंत्र
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
शहर के प्रिंस इंटरनेशनल स्कूल में बुधवार को शारीरिक शक्ति, साहस और खेल प्रतिभा का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। यहां फिट इंडिया के ब्रांड एंबेसडर राकेश सैनी अपने अद्भुत शारीरिक सामर्थ्य का प्रदर्शन करते हुए दांतों से एक साथ पांच कारें खींचेंगे। उनका यह हैरतअंगेज प्रदर्शन कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण रहेगा।
वहीं स्कूल के छात्र-छात्राएं किकबॉक्सिंग और ताइक्वांडो के रोमांचक प्रदर्शन के जरिए अपनी खेल प्रतिभा और आत्मरक्षा कौशल का परिचय देंगे। जिला पर्यावरण सुधार समिति के सौजन्य से आयोजित इस विशेष कार्यक्रम में फिट इंडिया ब्रांड एंबेसडर राकेश सैनी विद्यार्थियों को शारीरिक रूप से स्वस्थ और फिट रहने के गुर भी सिखाएंगे। वे बच्चों को नियमित व्यायाम, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली के महत्व से रूबरू कराते हुए फिटनेस के प्रति जागरूक करेंगे। कार्यक्रम में समिति सदस्य राजेश अग्रवाल सहित अन्य अतिथि मौजूद रहेंगे। आयोजन का मीडिया पार्टनर 91.2 है।
प्रिंस इंटरनेशनल ग्रुप ऑफ स्कूल्स के चेयरमैन डॉ. जी.एल. कालेर ने कहा कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ खेलकूद और शारीरिक फिटनेस भी बेहद आवश्यक हैं। खेल गतिविधियां बच्चों में आत्मविश्वास, अनुशासन, साहस और टीम भावना विकसित करती हैं। इस तरह के आयोजन विद्यार्थियों को अपनी क्षमताओं को पहचानने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करते हैं।
स्कूल के निदेशक निर्मल कालेर ने बताया कि कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देने के साथ उनमें फिटनेस और खेलों के प्रति रूचि विकसित करना आयोजन का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने अभिभावकों और क्षेत्रवासियों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करने का आह्वान किया।















