शारीरिक चुनौतियों को पीछे छोड़ लोकतंत्र के महापर्व में निभाई भागीदारी , बबाई पंचायत समिति रही अव्वल
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ एवं अंतिम चरण में सोमवार को जिले की चार पंचायत समितियों खेतड़ी, बबाई, अलसीसर एवं मंडावा में पंच एवं सरपंच पदों के लिए हुए मतदान में दिव्यांग मतदाताओं ने लोकतंत्र के प्रति अपनी मजबूत प्रतिबद्धता का परिचय दिया। शारीरिक चुनौतियों और तमाम कठिनाइयों के बावजूद दिव्यांग मतदाताओं ने उत्साह एवं उमंग के साथ मतदान केंद्रों पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
उनकी इस शानदार भागीदारी ने लोकतंत्र के महापर्व को नई प्रेरणा दी। जिला निर्वाचन विभाग के आंकड़ों के अनुसार, चतुर्थ चरण में चारों पंचायत समितियों में कुल 1,871 दिव्यांग मतदाता पंजीकृत थे। इनमें से 1,707 मतदाताओं ने मतदान किया। इस प्रकार दिव्यांग मतदाताओं का कुल मतदान प्रतिशत 91.23 प्रतिशत रहा। मतदान के प्रति दिव्यांग मतदाताओं का यह उत्साह उनकी लोकतांत्रिक जागरूकता और जिम्मेदारी को दर्शाता है।
पंचायत समिति वार मतदान प्रतिशत में बबाई ने 92.31 प्रतिशत मतदान के साथ पहला स्थान हासिल किया। वहीं खेतड़ी में 92.25 प्रतिशत, अलसीसर में 90.93 प्रतिशत तथा मंडावा में 90.31 प्रतिशत दिव्यांग मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। दिव्यांग मतदाताओं की 91.23 प्रतिशत भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि लोकतंत्र की मजबूती में हर नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है।
उनकी सक्रिय सहभागिता ने समाज को यह संदेश दिया कि लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूकता और कर्तव्यनिष्ठा के सामने कोई भी चुनौती बाधा नहीं बन सकती। दिव्यांग मतदाताओं का यह जज्बा निश्चित रूप से अन्य मतदाताओं के लिए भी प्रेरणास्रोत है।















