Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं एचसीएल के 60 साल पूरे, डायमंड जुबली वर्ष का भव्य आगाज ,...

एचसीएल के 60 साल पूरे, डायमंड जुबली वर्ष का भव्य आगाज , पांच दशक से अधिक सेवा देने वाले कर्मचारियों का सम्मान

Screenshot

कॉपर क्लब में आयोजित समारोह में 60 और 70 के दशक में कार्यग्रहण करने वाले करीब 50 कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित, 2030 तक उत्पादन तीन गुना करने का लक्ष्य

खेतड़ी। झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) की खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स (केसीसी) इकाई ने अपने 60वें स्थापना दिवस के अवसर पर डायमंड जुबली वर्ष का भव्य शुभारंभ किया। खेतड़ीनगर स्थित कॉपर क्लब में आयोजित समारोह में एचसीएल की स्थापना से लेकर अब तक संस्थान की विकास यात्रा में योगदान देने वाले कर्मचारियों को याद किया गया। इस दौरान 1960 और 1970 के दशक में केसीसी प्रोजेक्ट में कार्यग्रहण करने वाले करीब 50 कर्मचारियों को शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

समारोह में पुराने कर्मचारियों के योगदान, संघर्ष और अनुभवों को याद करते हुए संस्थान की गौरवशाली यात्रा को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि केसीसी महाप्रबंधक एवं कार्यवाहक इकाई प्रमुख वीके इंद्रा थे, जबकि अध्यक्षता कमलेश इंद्रा ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में केटीएसएस महामंत्री बिड़दूराम सैनी, केसीएमएस महामंत्री श्यामसिंह चौहान, विपिन शर्मा एवं कमलेश कुमार मौजूद रहे।

अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का विधिवत शुभारंभ किया। मुख्य अतिथि वीके इंद्रा ने कहा कि डायमंड जुबली वर्ष का शुभारंभ एचसीएल परिवार के प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी के लिए नई ऊर्जा, उत्साह और संकल्प का अवसर है। उन्होंने कहा कि हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड की स्थापना 9 नवंबर 1967 को हुई थी और इसकी विकास यात्रा में खेतड़ी कॉपर कॉम्प्लेक्स का महत्वपूर्ण स्थान रहा है।

एचसीएल परिवार ने राष्ट्र निर्माण में अपनी अहम भूमिका निभाई है। आने वाले समय में आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को साकार करने और देश के औद्योगिक विकास में तांबा उद्योग की भागीदारी को और मजबूत करना होगा। उन्होंने कहा कि देश के औद्योगिक विकास और आर्थिक मजबूती में तांबा उद्योग की महत्वपूर्ण भूमिका है। एचसीएल के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अनुपम मिश्री ने वर्ष 2030 तक केसीसी प्रोजेक्ट का उत्पादन एक मिलियन टन से बढ़ाकर तीन मिलियन टन करने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को आपसी समन्वय, प्रतिबद्धता और एकजुटता के साथ कार्य करना होगा।

इस अवसर पर बिड़दूराम सैनी एवं श्यामलाल सैनी ने एचसीएल की स्थापना से लेकर वर्तमान समय तक की विकास यात्रा, विभिन्न उतार-चढ़ाव और संस्थान के सामने आई चुनौतियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पुराने कर्मचारियों का परिश्रम और समर्पण ही संस्थान की मजबूत नींव है। वहीं मोनिका ने एचसीएल के 60वें स्थापना दिवस पर आयोजित डायमंड जुबली समारोह की रूपरेखा और महत्व पर प्रकाश डाला।

कमलेश कुमार ने सभी अतिथियों एवं आगंतुकों का आभार व्यक्त किया। समारोह का सबसे भावुक और यादगार क्षण वह रहा, जब 1960 एवं 1970 के दशक में केसीसी प्रोजेक्ट में कार्यग्रहण करने वाले करीब 50 कर्मचारियों को मंच पर बुलाकर सम्मानित किया गया। अतिथियों ने उन्हें शॉल ओढ़ाकर, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंट कर उनके लंबे सेवाकाल और संस्थान के प्रति योगदान का सम्मान किया।

इस दौरान पुराने कर्मचारियों के चेहरे पर खुशी और गर्व का भाव नजर आया। समारोह में एचसीएल की छह दशक की यात्रा को कर्मचारियों के समर्पण, मेहनत और सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताया गया। इस अवसर पर मनीष गवई, डॉ. दीपिका खुराना, राजेश डांढेल, जगदीश सोढा, एलएम जोशी, नागेश राजपुरोहित, अभिषेक पारीक, राजवीर, सवाई सिंह सिराधना, जितेंद्र कटियाल, नीरज मीणा, इंद्रा कुमार, सुलक्षणा शर्मा, शंकरदत्त तिवाड़ी, पार्वती, सुधा शर्मा, प्रदीप सुरोलिया, बनवारीलाल फागणा, एसएन गर्वा एवं ओमप्रकाश डागर सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त कर्मचारी, अधिकारी एवं गणमान्यजन मौजूद रहे।

Advertisement