Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं पंचायती राज चुनाव का अंतिम रण शांतिपूर्ण संपन्न, चारों पंचायत समितियों में...

पंचायती राज चुनाव का अंतिम रण शांतिपूर्ण संपन्न, चारों पंचायत समितियों में 81 फीसदी से अधिक मतदान

बबाई पंचायत समिति 83.79 प्रतिशत मतदान के साथ रही अव्वल, अलसीसर में 81.57, खेतड़ी में 81.42 और मंडावा में 81.27 प्रतिशत हुआ मतदान, जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग एवं एसपी कावेंद्र सिंह सागर ने 14 मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण, व्यवस्थाओं का लिया जायजा

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ एवं अंतिम चरण का मतदान सोमवार को जिले की अलसीसर, बबाई, खेतड़ी एवं मंडावा पंचायत समितियों में शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। अंतिम चरण में भी ग्रामीण मतदाताओं में लोकतंत्र के महापर्व को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला। चारों पंचायत समितियों में शाम 6 बजे तक 81 प्रतिशत से अधिक मतदान दर्ज किया गया। मतदान प्रतिशत के मामले में बबाई पंचायत समिति ने बाजी मारी, जहां सर्वाधिक 83.79 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

जिला निर्वाचन विभाग के अनुसार अलसीसर पंचायत समिति में 81.57 प्रतिशत, बबाई में 83.79 प्रतिशत, खेतड़ी में 81.42 प्रतिशत तथा मंडावा पंचायत समिति में 81.27 प्रतिशत मतदान हुआ। चारों पंचायत समितियों में मतदाताओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने ग्रामीण लोकतंत्र की मजबूती का संदेश दिया। पंच एवं सरपंच पदों के लिए हुए मतदान में ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और गांवों की सरकार चुनने के लिए अपने मताधिकार का उपयोग किया।

कलेक्टर-एसपी ने संभाली व्यवस्थाओं की कमान

मतदान के दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग तथा झुंझुनूं जिला पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर चुनावी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने नगली सलेदी सिंह, बड़ाऊ, रसलपुर, श्रीकृष्ण नगर, गुणीनिचा, कालोटा, बबाई, पपुरना, हेतमसर, सिंगड़ा, दुराना, दिलोई का बास, चुडेला एवं तोलियासर स्थित मतदान केंद्रों का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान जिला कलेक्टर एवं एसपी ने मतदान प्रक्रिया, सुरक्षा व्यवस्था तथा मतदान केंद्रों पर की गई व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे कार्मिकों से जानकारी लेकर मतदान को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिले में पंचायती राज आम चुनाव-2026 के चतुर्थ एवं अंतिम चरण का मतदान संपन्न होने के साथ ही पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतदान प्रक्रिया पूरी हो गई। अंतिम चरण में भी मतदाताओं ने लोकतांत्रिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए उत्साहपूर्वक मतदान किया। जिला प्रशासन एवं पुलिस की सतर्कता के बीच चारों पंचायत समितियों में मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।

Advertisement