खेतड़ी, बबाई, मंडावा और अलसीसर में सरपंच-पंच पदों के लिए होगा चौथे चरण का मतदान, 15 नवंबर को नामांकन , 17 को उपसरपंच का चुनाव
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पंचायती राज आम चुनाव -2026 के तहत जिले में चौथे चरण के चुनाव को लेकर चुनावी गतिविधियां तेज हो गई हैं। इस चरण में खेतड़ी, बबाई, मंडावा और अलसीसर पंचायत समिति क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में 16 नवंबर को सरपंच एवं पंच पदों के लिए मतदान कराया जाएगा। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार 15 नवंबर को नामांकन से लेकर नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन तक की प्रक्रिया पूरी होगी। इसके बाद 16 नवंबर को मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर गांवों की नई सरकार चुनेंगे।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि सरपंच एवं पंच पदों के लिए 15 नवंबर को सुबह 8 से 11 बजे तक नाम निर्देशन पत्र प्रस्तुत किए जा सकेंगे। नामांकन पत्रों की संवीक्षा सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी। अभ्यर्थी दोपहर 2 बजे तक अपने नाम वापस ले सकेंगे। नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव मैदान में शेष रहे प्रत्याशियों को चुनाव चिह्न आवंटित किए जाएंगे तथा अभ्यर्थियों की सूची का प्रकाशन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 16 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा।
मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर ही पंच एवं सरपंच पदों के लिए मतगणना करवाई जाएगी। वहीं, 17 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी। चौथे चरण के तहत 15 नवंबर को नामांकन, संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रत्याशियों की अंतिम तस्वीर साफ हो जाएगी। इसके अगले दिन 16 नवंबर को मतदान और मतगणना होगी। वहीं 17 नवंबर को उपसरपंच का चुनाव होने के साथ ही ग्राम पंचायतों में नई पंचायत के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी। चारों पंचायत समिति क्षेत्रों में चुनाव को लेकर अब राजनीतिक और ग्रामीण स्तर पर हलचल तेज होने लगी है।














