सामने से आई गाड़ी ने बाइक को मारी टक्कर , पंकज और अनिल को प्राथमिक उपचार के बाद झुंझुनूं किया रैफर
खेतड़ी। झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
कस्बे के धोबी घाट के पास शनिवार दोपहर एक गाड़ी ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर पहुंची 108 एंबुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को राजकीय उप जिला अस्पताल खेतड़ी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत में उन्हें झुंझुनूं जिला अस्पताल रैफर कर दिया गया। जानकारी के अनुसार खेतड़ी के वार्ड नंबर 3 निवासी पंकज पुत्र कैलाश और अनिल पुत्र राजेश कुमार शनिवार दोपहर करीब एक बजे बाइक पर सवार होकर घरेलू कार्य से कोलिहान नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान धोबी घाट के पास सामने से आई एक गाड़ी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर घायल हो गए। हादसे में बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना की आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे और घायलों को संभाला। हादसे की सूचना पर 108 एंबुलेंस के पायलट अजीत सिंह निर्वाण और सुदेश लांबा मौके पर पहुंचे तथा दोनों घायलों को उपचार के लिए खेतड़ी के राजकीय उप जिला अस्पताल लेकर आए। यहां चिकित्सकों की टीम ने उनका प्राथमिक उपचार किया। दोनों की हालत गंभीर होने के चलते चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए झुंझुनूं जिला अस्पताल रैफर कर दिया। घटना की जानकारी मिलने पर घायलों के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। परिजनों के अनुसार पंकज और अनिल घरेलू काम से कोलिहान नगर जा रहे थे, तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गए। इधर, घटना की सूचना पर खेतड़ी पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई।














