सीए फाउंडेशन, आईपीसीसी, शैक्षणिक उपलब्धियों और खेल प्रतिभाओं को मिला सम्मान , पूर्ण उपस्थिति वाले विद्यार्थियों को भी किया पुरस्कृत
झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के जी.बी. मोदी पब्लिक स्कूल में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह हर्षोल्लास एवं गरिमामय माहौल में आयोजित किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि नगर परिषद सभापति मोहम्मद अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान तथा विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार खीचड़ ने विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिह्न एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सभापति मोहम्मद अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। समारोह में विद्यालय की शैक्षणिक प्रतिभाओं के साथ खेल एवं अन्य क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों की उपलब्धियों को विशेष रूप से सराहा गया। इस अवसर पर सभी कक्षाओं के मेधावी छात्र-छात्राओं, पूर्ण उपस्थिति दर्ज कराने वाले विद्यार्थियों तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।वहीं, आईपीसीसी में प्रथम एवं द्वितीय लेवल क्लियर करने और सीए फाउंडेशन उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों को भी उनकी उल्लेखनीय उपलब्धियों के लिए पुरस्कार प्रदान किए गए। विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनकी मेहनत, अनुशासन, नियमितता और लक्ष्य के प्रति समर्पण को प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य अतिथि सभापति मोहम्मद अब्दुल्ला गुलाम नबी अगवान ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि जीवन में सफलता हासिल करने के लिए मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास जरूरी हैं। विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा पहचानकर बड़े लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए तथा उन्हें प्राप्त करने के लिए पूरी लगन से प्रयासरत रहना चाहिए। विशिष्ट अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र कुमार खीचड़ ने सम्मानित विद्यार्थियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की सफलता विद्यालय और शिक्षकों के समर्पित प्रयासों के साथ उनकी स्वयं की मेहनत का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को शिक्षा, खेल और अन्य गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में पार्षद पूजा संघी, प्रियंका कुमारी, संस्था सचिव दिनेश अग्रवाल एवं श्रवण केजड़ीवाल की गरिमामयी उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने पुरस्कार प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रधानाचार्या रंजना मित्तल ने अतिथियों का स्वागत करते हुए विद्यार्थियों की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, शैक्षणिक गुणवत्ता, अनुशासन और खेल प्रतिभाओं को निखारने पर विशेष ध्यान दिया जाता है। समारोह में सम्मानित विद्यार्थियों का उत्साह देखते ही बन रहा था। तालियों की गूंज के बीच प्रतिभाओं का सम्मान विद्यालय के लिए गौरवपूर्ण क्षण बना। आयोजन ने विद्यार्थियों को यह प्रेरणा दी कि सफलता केवल अच्छे अंकों तक सीमित नहीं, बल्कि अनुशासन, नियमितता, खेल भावना और निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन से भी हासिल होती है।














