चुनाव प्रक्रिया से जुड़ी शिकायतों पर रहेगी पर्यवेक्षक की नजर , जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने दी जानकारी , गौरव चतुर्वेदी को सौंपी जिम्मेदारी
झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को निष्पक्ष, पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के लिए निर्वाचन विभाग ने शिकायतों के निस्तारण की व्यवस्था की है। चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की अनियमितता, समस्या या शिकायत होने पर अब आमजन सीधे जिले के लिए नियुक्त चुनाव पर्यवेक्षक से संपर्क कर सकेंगे।
इसके लिए प्रशासन की ओर से 01592-294753 दूरभाष नंबर जारी किया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग, जयपुर की ओर से राजस्थान राज्य बीज निगम, जयपुर के प्रबंध निदेशक गौरव चतुर्वेदी को झुंझुनूं जिले का चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
चुनाव से संबंधित किसी भी प्रकार की शिकायत अथवा समस्या होने पर आमजन निर्धारित दूरभाष नंबर पर अपनी शिकायत दर्ज करवा सकते हैं। उन्होंने बताया कि चुनाव पर्यवेक्षक के साथ समन्वय स्थापित करने तथा निर्वाचन संबंधी व्यवस्थाओं में सहयोग के लिए उद्यान विभाग के उप निदेशक डॉ. विजयपाल कस्वां को लाइजनिंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है।
प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि पंचायती राज चुनाव से संबंधित किसी भी समस्या या शिकायत को लेकर निर्धारित नंबर पर संपर्क करें, ताकि निर्वाचन प्रक्रिया पर प्रभावी निगरानी रखी जा सके और शिकायतों को संबंधित स्तर तक पहुंचाया जा सके।
















