ऐतिहासिक, धार्मिक और पर्यटन स्थलों का किया अवलोकन; विद्यार्थियों ने प्राकृतिक सौंदर्य के साथ भारतीय संस्कृति और विरासत को जाना
देसूरी। पाली । प्रहलाद सिंह
जीनियस पब्लिक सेकेंडरी स्कूल (इंग्लिश मीडियम), देसूरी का शैक्षणिक भ्रमण मंगलवार, 3 नवंबर 2026 को हर्षोल्लास और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने माउंट आबू के प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का अवलोकन कर ज्ञानवर्धक अनुभव प्राप्त किया।
इस दौरान छात्र-छात्राओं ने नक्की झील, अर्बुदा देवी मंदिर, देलवाड़ा जैन मंदिर, अंबाजी और सारणेश्वर महादेव सहित विभिन्न स्थलों का भ्रमण किया। विद्यार्थियों ने यहां के प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने के साथ धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को करीब से जाना।
ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की दी जानकारी
विद्यालय के संचालक नरेंद्र सिंह राठौड़ ने विद्यार्थियों को विभिन्न पर्यटन स्थलों के ऐतिहासिक, धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व से अवगत कराया। वहीं, विद्यालय के प्रधानाचार्य हंसमुख सैन ने पौराणिक कथाओं और धार्मिक प्रसंगों के माध्यम से अर्बुदा देवी मंदिर तथा नक्की झील से जुड़ी रोचक जानकारियां साझा कीं। उन्होंने विद्यार्थियों को माउंट आबू के प्राकृतिक और अनुपम सौंदर्य से भी परिचित करवाया।
पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव
शैक्षणिक भ्रमण का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को पुस्तकीय ज्ञान के साथ व्यावहारिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक जानकारी प्रदान करना रहा। इसके साथ ही विद्यार्थियों में प्रकृति, भारतीय संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत के प्रति रुचि विकसित करने पर जोर दिया गया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए मनोरंजन के साथ सीखने और नए अनुभव प्राप्त करने का अवसर बना।












