Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू में पंचायतीराज चुनाव कल: जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने की...

चूरू में पंचायतीराज चुनाव कल: जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने की मतदान की अपील

चूरू जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा की पंचायतीराज चुनाव 2026 में मतदान करने की अपील

5 नवंबर को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा पंच-सरपंच पदों के लिए मतदान; मतदान समाप्ति के तुरंत बाद ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर होगी मतगणना

चूरू। पंचायतीराज आम चुनाव-2026 के तहत चूरू जिले में गुरुवार, 5 नवंबर को होने वाले मतदान को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर अभिषेक सुराणा ने जिलेवासियों से लोकतंत्र के इस महापर्व में सक्रिय भागीदारी निभाने और अनिवार्य रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की है।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार जिले में प्रथम चरण के अंतर्गत, आयोग के घोषित कार्यक्रमानुसार तृतीय चरण में, पंचायत समिति बीदासर, राजगढ़, चांदगोठी (मुख्यालय राजगढ़), सिद्धमुख, सरदारशहर, सरदारशहर पूर्व एवं भानीपुरा निर्वाचन क्षेत्रों में मतदान निर्धारित है।

सुबह 7 से शाम 6 बजे तक होगा मतदान

अभिषेक सुराणा ने बताया कि इन निर्वाचन क्षेत्रों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए गुरुवार, 5 नवंबर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के तुरंत बाद संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालय पर मतगणना संपन्न करवाई जाएगी। वहीं, उपसरपंच का चुनाव शुक्रवार, 6 नवंबर को होगा।

उन्होंने मतदाताओं से निर्धारित समय पर अपने मतदान केंद्र पहुंचने, आवश्यक पहचान दस्तावेज साथ रखने और निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि मतदान में अधिकाधिक भागीदारी लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत बनाती है।

मतदान केंद्रों पर मिलेंगी आवश्यक सुविधाएं

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की सुविधा के लिए पेयजल, छाया, रैंप और व्हीलचेयर सहित आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं, ताकि सभी मतदाता सुगमता से अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें।

पहचान पत्र नहीं है तो इन 11 दस्तावेजों में से कोई एक चलेगा

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान के समय मतदाता को मतदाता पहचान पत्र (ईपीआईसी कार्ड) प्रस्तुत करना होगा। जिन मतदाताओं के पास ईपीआईसी कार्ड उपलब्ध नहीं है, वे चुनाव की घोषणा से पहले जारी किए गए निम्नलिखित 11 वैकल्पिक फोटोयुक्त दस्तावेजों में से कोई एक मूल दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं।

  • आधार कार्ड।
  • विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार और आजीविका मिशन (ग्रामीण) (वीबी-जीरामजी) अथवा मनरेगा कार्ड।
  • बैंक या डाकघर द्वारा जारी फोटोयुक्त पासबुक।
  • श्रम मंत्रालय की योजना के अंतर्गत जारी स्वास्थ्य बीमा स्मार्ट कार्ड अथवा आयुष्मान भारत हेल्थ कार्ड।
  • ड्राइविंग लाइसेंस।
  • पैन कार्ड।
  • भारतीय पासपोर्ट।
  • फोटोयुक्त पेंशन दस्तावेज।
  • केंद्र या राज्य सरकार, लोक उपक्रम अथवा पब्लिक लिमिटेड कंपनियों द्वारा कर्मचारियों को जारी फोटोयुक्त सेवा पहचान पत्र।
  • सांसदों एवं विधानसभा सदस्यों को जारी सरकारी पहचान पत्र।
  • सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा जारी यूनिक डिसएबिलिटी आईडी (यूडीआईडी) कार्ड।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे मतदान दिवस पर अपने मतदान केंद्र पहुंचकर मताधिकार का प्रयोग करें और पंचायतीराज चुनाव में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

Advertisement