21 किलोमीटर की हाफ मैराथन सहित चार श्रेणियों में होगा आयोजन; बच्चों, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों और प्रोफेशनल धावकों को मिलेगा भागीदारी का मौका
बीकानेर। साहिल पठान
नमकीन, भुजिया और चाय के स्वाद के लिए देशभर में अपनी पहचान रखने वाला बीकानेर अब फिटनेस के क्षेत्र में भी नई पहचान बनाने की तैयारी में है। शहर में पहली बार बड़े स्तर पर बीकानेर मैराथन का आयोजन 27 दिसंबर को किया जाएगा। इसका उद्देश्य शहर में दौड़ और फिटनेस की संस्कृति को बढ़ावा देना तथा लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
बीकानेर रन क्लब की ओर से जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, नगर निगम, बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) और पर्यटन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित होने वाली मैराथन की रूपरेखा मंगलवार को होटल लक्ष्मी निवास में आयोजित प्रेस वार्ता में जारी की गई। इस दौरान सीईओ सिटी अनुज डाल, विकास सिंह और रन क्लब के ईशान शर्मा ने आयोजन से जुड़ी जानकारी साझा की।
सुबह 5 बजे होटल लक्ष्मी निवास से होगी शुरुआत
आयोजकों के अनुसार, मैराथन की शुरुआत सुबह 5 बजे होटल लक्ष्मी निवास परिसर से होगी। प्रस्तावित रूट में धावक म्यूजियम चौराहा, हल्दीराम प्याऊ, सागर और नापासर सर्किल होते हुए फिनिश लाइन तक पहुंचेंगे। मैराथन में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए गए हैं। प्रतिभागी आधिकारिक वेबसाइट www.bikanermarathon.com पर जाकर पंजीकरण करवा सकते हैं।
चार श्रेणियों में होगी मैराथन
मैराथन को अलग-अलग आयु वर्ग और फिटनेस स्तर को ध्यान में रखते हुए चार श्रेणियों में विभाजित किया गया है।
2 किलोमीटर फन रन: बच्चों, वरिष्ठ नागरिकों और पहली बार दौड़ में हिस्सा लेने वाले परिवारों के लिए।
5 किलोमीटर फिटनेस रन: युवाओं और नियमित वॉक करने वालों के लिए।
10 किलोमीटर एंड्योरेंस रन: नियमित धावकों और मध्यम दूरी की दौड़ में रुचि रखने वालों के लिए।
21 किलोमीटर हाफ मैराथन: अनुभवी लंबी दूरी के धावकों और पेशेवर एथलीटों के लिए।
फिटनेस के साथ पर्यटन को भी मिलेगा बढ़ावा
बीकानेर मैराथन के माध्यम से शहरवासियों को नियमित व्यायाम, शारीरिक सक्रियता और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने की पहल की जा रही है। आयोजकों को उम्मीद है कि यह आयोजन शहर के लोगों को फिटनेस से जोड़ने के साथ-साथ बीकानेर की सांस्कृतिक और पर्यटन संबंधी पहचान को भी नई मजबूती देगा। नमकीन और भुजिया के लिए मशहूर बीकानेर में यह आयोजन फिटनेस के प्रति जागरूकता बढ़ाने और शहर को दौड़ संस्कृति से जोड़ने की दिशा में एक नई पहल साबित हो सकता है।













