दीपावली से पहले शहर की सफाई और सौंदर्यीकरण पर जोर; आजाद मैदान, आखरिया चौक, टाउन हॉल, सड़क निर्माण और अन्य विकास कार्यों पर हुई चर्चा
देसूरी ।पाली । प्रहलाद सिंह
सादड़ी नगरपालिका के नवगठित बोर्ड की प्रथम बैठक अध्यक्ष संजय बोहरा और अधिशासी अधिकारी नीलकमल सिंह राणावत की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में नवनिर्वाचित अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और सभी पार्षदों का स्वागत किया गया। इस दौरान शहर के विकास, सौंदर्यीकरण और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।
दीपावली पर स्वच्छ और सुंदर शहर बनाने पर जोर
आगामी दीपावली और अन्य त्योहारों को ध्यान में रखते हुए शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने पर विशेष जोर दिया गया। बैठक में आजाद मैदान की यथास्थिति बहाल करने और उसे अवैध पार्किंग से मुक्त कराने का मुद्दा उठाया गया। इसके साथ ही आखरिया चौक के सौंदर्यीकरण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने पर चर्चा हुई।
सड़क, पुलिया और भवन निर्माण के प्रस्तावों पर चर्चा
बैठक में नगरपालिका भवन और टाउन हॉल के निर्माण सहित मिणो-झुंपा मार्ग पर पुलिया निर्माण के विषय पर विचार-विमर्श किया गया। इसके अलावा मंगल कलश, पंचशील चबूतरा और अंबेडकर सर्किल के कायाकल्प को लेकर भी चर्चा हुई।
शहर में सड़क सुविधाओं को बेहतर बनाने के उद्देश्य से मघाई नदी से साई पेट्रोल पंप, प्रतापगढ़ तक सड़क निर्माण के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया। इसमें सड़क के बीच डिवाइडर बनाने और दोनों तरफ सुरक्षा जाली लगाने का विषय शामिल रहा।
सामाजिक और अन्य विकास कार्य भी एजेंडे में
बैठक में दशनाम गोस्वामी समाज के समाधि स्थल के लिए भूमि आवंटन तथा हवाई पट्टी सहित विभिन्न मुद्दों पर भी चर्चा की गई। नगरपालिका बोर्ड की इस पहली बैठक में कई विषयों पर सहमति बनी, जबकि कुछ मुद्दों को आगामी बैठक में रखने और उन पर आगे विचार-विमर्श करने की बात सामने आई। बैठक में शहर के विकास और नागरिक सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने पर चर्चा हुई।













