जिला परिषद चुनाव के मद्देनजर ग्रामीण इलाकों में तेज हुआ प्रचार अभियान, विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं के मुद्दे पर मांगा समर्थन
चूरू।पुनीत सोनी
पंचायतीराज चुनाव को लेकर भाजपा ने ग्रामीण क्षेत्रों में अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। जिला परिषद चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों के समर्थन में पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़ और चूरू विधायक हरलाल सहारण ने विभिन्न गांवों का दौरा कर ग्रामीणों से मुलाकात की। जनसंपर्क के दौरान उन्होंने केंद्र और राजस्थान सरकार की योजनाओं, क्षेत्र में हुए विकास कार्यों तथा ग्रामीण सुविधाओं से जुड़े विषयों पर चर्चा करते हुए भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।
अभियान के तहत दोनों नेताओं ने पुनसीसर, पुनरास-थैलाणा, बास सारायण, सारायण, रैयाटुण्डा, सोमसीसर, ढाणी माना, बनियाला, भाड़ग, कोहिणा, मढ़ावास, ढाणी मेघसर, मेघसर, ढाणी तेजमालसिंह दुलेरी, ढाणी गंगाजल, नेठवा, झांझनी, किलीपुरा, बिल्लियां, रेड़ी-भूरावास और पिथाना सहित कई गांवों में पहुंचकर लोगों से संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका स्वागत किया और स्थानीय समस्याओं एवं विकास की जरूरतों पर अपनी बात रखी।
ग्रामीण विकास के लिए सक्षम पंचायत प्रतिनिधियों का चयन जरूरी : राठौड़
राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि गांवों की प्रगति में पंचायतीराज संस्थाओं की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। ग्राम पंचायत से जिला परिषद तक ऐसे प्रतिनिधियों का चुना जाना आवश्यक है, जो ग्रामीणों की समस्याओं को समझकर उनके समाधान के लिए जिम्मेदारी से काम करें।
उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और चिकित्सा जैसी बुनियादी सुविधाओं के विस्तार को ग्रामीण विकास के लिए अहम बताते हुए कहा कि चुनाव के माध्यम से जनता को अपने क्षेत्र की आगामी विकास दिशा तय करने का अवसर मिलता है। उन्होंने ग्रामीणों से जनहित और विकास को प्राथमिकता देने वाले प्रत्याशियों का समर्थन करने का आह्वान किया।
सरकारी योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक पहुंचाने पर जोर – विधायक हरलाल सहारण
विधायक हरलाल सहारण ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सड़क, पेयजल, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर प्रयास किए जाने चाहिए।सहारण ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए विकास कार्यों को आगे बढ़ाने और पंचायतीराज संस्थाओं को मजबूत बनाने के लिए भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में मतदान करने की अपील की।
वार्ड 39 से पराक्रम सिंह ने रखीं विकास संबंधी प्राथमिकताएं
जनसंपर्क कार्यक्रम में वार्ड संख्या 39 के भाजपा प्रत्याशी पराक्रम सिंह ने भी ग्रामीणों के सामने अपनी प्राथमिकताएं रखीं। उन्होंने कहा कि जिला परिषद सदस्य बनने का अवसर मिलने पर वार्ड के गांवों की समस्याओं को संबंधित मंचों पर प्रभावी ढंग से उठाने का प्रयास करेंगे।उन्होंने पेयजल, सड़क, शिक्षा, चिकित्सा और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात कही। साथ ही, ग्रामीणों की समस्याओं और अपेक्षाओं को जिला परिषद तक पहुंचाकर जनसेवा के माध्यम से क्षेत्र के विकास में योगदान देने का संकल्प जताया।![]()
जनसंपर्क अभियान में भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की भागीदारी
अभियान के दौरान भाजपा के स्थानीय पदाधिकारी, चुनाव लड़ रहे प्रत्याशी और कार्यकर्ता भी मौजूद रहे। नेताओं ने विभिन्न गांवों में ग्रामीणों से संपर्क कर पार्टी प्रत्याशियों के पक्ष में समर्थन जुटाने का प्रयास किया। कार्यक्रम में तारानगर के पूर्व नगरपालिका चेयरमैन जसवंत स्वामी, वार्ड 35 की प्रत्याशी सुमन आजाद, वार्ड 37 के प्रत्याशी महावीर पूनिया, वार्ड 38 के प्रत्याशी नरेश सहारण, नगरपालिका अध्यक्ष जमरदीन तेली, रत्न राठौड़, भंवरलाल पूनिया, पार्षद रामावतार सैनी, चंद्राराम गुरी, अश्वनी बुडानिया, मदनगोपाल बालाण और रजत शर्मा सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















