फुटबॉल और हॉकी प्रतियोगिताओं में किया पाली जिले का प्रतिनिधित्व, विद्यालय परिवार ने माला पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित
देसूरी । पाली।प्रहलाद सिंह चारण
राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय केसूली के सात छात्र-छात्राओं ने सत्र 2026-27 में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में राज्य स्तर पर चयनित होकर विद्यालय और गांव का नाम रोशन किया है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार और ग्रामीणों में खुशी की लहर है। विद्यालय के प्रधानाचार्य छगनलाल भाटी के मार्गदर्शन और शारीरिक शिक्षक राजेंद्र कुमार की मेहनत से विद्यार्थियों ने यह उपलब्धि हासिल की।
फुटबॉल और हॉकी में दिखाया दमखम
विद्यालय के चयनित खिलाड़ियों ने अलग-अलग आयु वर्ग की राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।14 वर्ष आयु वर्ग की फुटबॉल प्रतियोगिता में कक्षा 9 के दिनेश पुत्र दोलाराम, पायल पुत्री हेमाराम और कक्षा 7 की मीनाक्षी पुत्री लालाराम ने फलोदी में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया।19 वर्ष छात्रा फुटबॉल प्रतियोगिता में कक्षा 11 की दियाली पुत्री भंवरलाल और खुशबू पुत्री कासाराम ने झालावाड़ में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में विद्यालय का प्रतिनिधित्व किया।इसी प्रकार 19 वर्ष आयु वर्ग की हॉकी प्रतियोगिता में कक्षा 10 की सपना पुत्री मोहनलाल मेघवाल और किंजल पुत्री लक्ष्मणराम ने बालोतरा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लिया।
खिलाड़ियों और शारीरिक शिक्षक का सम्मान
खिलाड़ियों की उपलब्धि पर विद्यालय परिवार की ओर से सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इसमें सभी चयनित छात्र-छात्राओं को माला पहनाकर और स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।प्रधानाचार्य छगनलाल भाटी ने शारीरिक शिक्षक राजेंद्र कुमार को भी माला पहनाकर और स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों की सफलता में उनके परिश्रम और मार्गदर्शन की सराहना की। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ अध्यापक मुनीष कुमार भाटी ने किया।














