अब तक 118 नामांकन दाखिल , बुधवार को नामांकन का अंतिम दिन , अंतिम दिन दावेदारों की संख्या बढ़ने के आसार


खेतड़ी।झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायत राज चुनाव को लेकर खेतड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। पंचायत समिति सदस्य पद के लिए नामांकन प्रक्रिया के तीसरे दिन 73 प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में उतरने की दावेदारी पेश की। इसके साथ ही अब तक कुल 118 नामांकन प्राप्त हो चुके हैं। नामांकन के आंकड़ों में लगातार हो रही बढ़ोतरी से विभिन्न वार्डों में चुनावी हलचल तेज हो गई है।
वहीं बुधवार को नामांकन का अंतिम दिन होने के कारण राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन वार्ड संख्या 12 से बाबूलाल तथा वार्ड संख्या 10 से रूबी ने अपने नामांकन पत्र दाखिल किए थे। इसके बाद सोमवार को 43 नामांकन प्राप्त हुए, जबकि तीसरे दिन 73 प्रत्याशियों ने नामांकन प्रस्तुत किए। इस तरह नामांकन के तीसरे दिन दावेदारों की सक्रियता में तेजी देखने को मिली।
पंचायत समिति के विभिन्न वार्डों में चुनाव लड़ने के इच्छुक प्रत्याशी अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने पहुंच रहे हैं। गांवों में भी चुनावी चर्चाओं और संभावित प्रत्याशियों को लेकर जोड़-तोड़ का दौर शुरू हो गया है। रिटर्निंग अधिकारी सुनील कुमार चौहान ने बताया कि पंचायत समिति सदस्य पद के लिए अब तक कुल 118 नामांकन पत्र प्राप्त हुए हैं। निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार 4 नवंबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
अंतिम दिन भी बड़ी संख्या में नामांकन प्राप्त होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी तथा नियमानुसार नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी। पंचायत राज चुनाव के चौथे चरण के तहत 14 नवंबर को मतदान होगा। खेतड़ी पंचायत समिति क्षेत्र में चुनावी मुकाबले को लेकर संभावित प्रत्याशियों और उनके समर्थकों में खासा उत्साह नजर आ रहा है।
अब सभी की निगाहें नामांकन के अंतिम दिन पर टिकी हैं। अंतिम दिन नामांकन दाखिल होने के बाद ही चुनावी मैदान में उतरने वाले दावेदारों की तस्वीर स्पष्ट होगी। इसके बाद नाम वापसी और चुनाव चिह्न आवंटन के साथ विभिन्न वार्डों में चुनावी मुकाबले की वास्तविक स्थिति सामने आएगी। प्रशासन की ओर से निर्वाचन प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न करवाने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।












