विजयादशमी पर महाराव शेखा जी, महाराजा गंगा सिंह जी और राव बणीर जी को किया नमन, समाज की एकता और संस्कारों पर दिया जोर
चूरू। विजयादशमी के पावन अवसर पर श्री बणीर राजपूत छात्रावास, चूरू में महाराव शेखा जी, महाराजा गंगा सिंह जी और राव बणीर जी की जयंती के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान शस्त्र पूजन कर महापुरुषों के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम में राजपूत समाज के लोगों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और महापुरुषों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जगमाल सिंह टकणेत ने की। उन्होंने शस्त्रों पर तिलक लगाकर विधिवत पूजन किया। इसके बाद उपस्थित समाजबंधुओं ने महाराजा गंगा सिंह जी, महाराव शेखा जी और राव बणीर जी के चित्रों के समक्ष पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया।
महापुरुषों का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत
कार्यक्रम में गोविंद सिंह राठौड़ ने संबोधित करते हुए महापुरुषों के जीवन, संघर्ष, शौर्य और समाज के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि महापुरुषों का जीवन समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी शिक्षाओं और आदर्शों को अपनाते हुए नई पीढ़ी को संस्कार, सामाजिक एकता और राष्ट्रहित की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए।
इस अवसर पर अर्जुन सिंह राठौड़, विमल सिंह लाखाऊ, प्रताप सिंह नाथावत, अशोक शेखावत और प्रताप सिंह जोड़ी ने भी अपने विचार व्यक्त किए। वक्ताओं ने महापुरुषों के जीवन प्रसंगों और उनके योगदान की जानकारी देते हुए समाज के लोगों से उनके आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपने इतिहास, गौरवशाली परंपराओं और महापुरुषों के योगदान से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समाजबंधुओं और विद्यार्थियों ने लिया भाग
कार्यक्रम में रूप सिंह निर्वाण, श्री बणीर समाज समिति के मंत्री शिवराज सिंह, बलवीर सिंह दुलेरी, युवा नेता प्रदीप सिंह ढाढर, आलोक सिंह टकणेत, नरेंद्र सिंह कांधल, बहादुर सिंह शेखावत, प्रभु सिंह राठौड़, कर्णपाल सिंह शेखावत, बहादुर सिंह लादड़िया और विक्रम सिंह झांझनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।छात्रावास प्रतिनिधि योगेंद्र सिंह भामासी सहित छात्रावास के विद्यार्थियों ने भी कार्यक्रम में भागीदारी निभाई। कार्यक्रम का संचालन अशोक शेखावत ने किया।














