Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं पंचायती राज चुनाव का बिगुल – जिला परिषद व 6 पंचायत समितियों...

पंचायती राज चुनाव का बिगुल – जिला परिषद व 6 पंचायत समितियों में नामांकन शुरू

पहले दिन जिला परिषद के 2 प्रत्याशियों ने भरे 4 नामांकन पत्र, चिड़ावा में 4 और सूरजगढ़-सिंघाना में 1-1 प्रत्याशी ने किया नामांकन, 16 अक्टूबर तक दाखिल होंगे नामांकन, 17 को संवीक्षा और 19 अक्टूबर को नाम वापसी , इसके बाद होगा चुनाव चिह्नों का आवंटन

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 को लेकर झुंझुनूं जिले में चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। जिला परिषद एवं छह पंचायत समितियों के सदस्यों के निर्वाचन के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। पहले ही दिन जिला परिषद के दो प्रत्याशियों ने चार नामांकन पत्र दाखिल कर चुनावी मैदान में अपनी दावेदारी पेश की। वहीं, पंचायत समिति चिड़ावा में चार, सूरजगढ़ में एक और सिंघाना में एक प्रत्याशी ने नामांकन प्रस्तुत किया।

नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही चुनाव लड़ने के इच्छुक उम्मीदवारों की सक्रियता बढ़ने लगी है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलक्टर डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के आम चुनाव के तहत जिला परिषद के साथ झुंझुनूं, चिड़ावा, सूरजगढ़, सिंघाना, पिलानी और बुहाना पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार संचालित की जा रही है। नामांकन के पहले दिन विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में प्रत्याशियों ने अपने नामांकन पत्र प्रस्तुत किए।

जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. अरूण गर्ग ने बताया कि अभ्यर्थी सार्वजनिक अवकाश को छोड़कर 16 अक्टूबर तक प्रतिदिन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे। निर्धारित समयावधि में संबंधित निर्वाचन अधिकारी के समक्ष नामांकन प्रस्तुत करना होगा। उन्होंने बताया कि नामांकन पत्रों की संवीक्षा 17 अक्टूबर को की जाएगी। इसके बाद अभ्यर्थियों के पास नाम वापस लेने का अवसर रहेगा। नाम वापसी की अंतिम तिथि 19 अक्टूबर निर्धारित की गई है। इस दिन दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थी अपने नाम वापस ले सकेंगे।

डॉ. अरूण गर्ग के अनुसार, 19 अक्टूबर को नाम वापसी की समयावधि समाप्त होते ही चुनाव चिह्नों का आवंटन किया जाएगा। इसके साथ ही चुनाव मैदान में शेष रहने वाले अभ्यर्थियों की अंतिम सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी। पंचायती राज चुनाव को लेकर नामांकन प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव की गतिविधियां गति पकड़ने लगी हैं। अब आगामी दिनों में नामांकन दाखिल करने वाले प्रत्याशियों की संख्या बढ़ने के साथ चुनावी मुकाबले की तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।

Advertisement