दीपावली विशेष अभियान के तहत 147 पैकेट सहित घी, बिस्किट, नमकीन और अन्य एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट करवाई; दुकानदारों को स्वच्छता और कृत्रिम रंगों के उपयोग को लेकर नोटिस जारी


सरदारशहर। दीपावली के त्योहार के मद्देनजर आमजन को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में शुक्रवार को सरदारशहर में विभिन्न मिठाई की दुकानों एवं प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर मिठाइयों के 11 नमूने लिए गए। निरीक्षण के दौरान एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने पर उसे मौके पर ही नष्ट करवाया गया।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मावा बर्फी, कलाकंद, मिल्क केक, सोनपापड़ी, काजू कतली, रसगुल्ला और गुलाब जामुन सहित विभिन्न मिठाइयों के कुल 11 नमूने संग्रहित किए। इन नमूनों को जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया के तहत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता की जांच की जाएगी।
एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री नष्ट करवाई
निरीक्षण के दौरान कुछ दुकानों पर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री मिलने पर विभागीय टीम ने उसे नष्ट करवाया। कार्रवाई के दौरान करीब 147 पैकेट खाद्य सामग्री, 4.5 किलोग्राम घी, 100 पैकेट बिस्किट, 20 पैकेट नमकीन तथा पैकिंग वाले अचार सहित अन्य एक्सपायर्ड सामग्री नष्ट करवाई गई।
स्वच्छता और कृत्रिम रंगों के उपयोग पर विशेष निर्देश
कार्रवाई के दौरान मिठाई प्रतिष्ठानों को स्वच्छता एवं हाइजीन बनाए रखने के निर्देश दिए गए। खाद्य पदार्थों में कृत्रिम रंगों के उपयोग को लेकर भी दुकानदारों को विशेष नोटिस जारी किए गए।खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार, दीपावली विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा। त्योहार के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, नमूनों का संग्रहण और नियमों के उल्लंघन पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ये अधिकारी रहे मौजूद
कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी रतन सिंह गोदारा, पूजा सैनी, डॉ. अनिल मील, आशा गुर्जर, डॉ. प्रकाश नागोरा एवं डॉ. कुलदीप खटोड़ उपस्थित रहे।














