Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू रेलवे स्टेशन के बाहर रोती मिली 8 वर्षीय बालिका, कालिका टीम...

चूरू रेलवे स्टेशन के बाहर रोती मिली 8 वर्षीय बालिका, कालिका टीम और चाइल्ड हेल्पलाइन ने किया रेस्क्यू

चूरू रेलवे स्टेशन के बाहर मिली 8 वर्षीय बालिका के रेस्क्यू से जुड़ी खबर, कालिका टीम और चाइल्ड हेल्पलाइन की संयुक्त कार्रवाई

बालिका केवल अपना नाम ‘संतरा’ बता पाई, परिजनों की तलाश जारी; बाल कल्याण समिति के समक्ष किया पेश

चूरू। चूरू रेलवे स्टेशन के बाहर मंगलवार को आठ वर्षीय बालिका रोती हुई मिली। कालिका टीम और चाइल्ड हेल्पलाइन की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बालिका को सुरक्षित रेस्क्यू कर संरक्षण में लिया। बालिका अपनी पहचान और परिवार के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पा रही है। वह केवल अपना नाम संतरा बता रही है। संबंधित विभागों की ओर से बालिका के परिजनों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

बाल अधिकारिता विभाग की चाइल्ड हेल्पलाइन के परियोजना अधिकारी पन्ने सिंह ने बताया कि मंगलवार दोपहर करीब एक बजे कालिका टीम गश्त पर थी। इसी दौरान रेलवे स्टेशन के बाहर एक बालिका रोती हुई दिखाई दी। टीम ने बालिका से बातचीत कर उसकी पहचान और परिजनों के बारे में जानकारी जुटाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपना नाम बताने के अलावा कुछ नहीं बता सकी।

इसके बाद कालिका टीम ने चाइल्ड हेल्पलाइन को सूचना दी। दोनों टीमों ने संयुक्त रूप से बालिका को रेस्क्यू कर सुरक्षित संरक्षण में लिया। चाइल्ड हेल्पलाइन की ओर से बालिका की काउंसलिंग भी की गई, लेकिन वह अपने घर, माता-पिता या अन्य परिजनों के बारे में कोई जानकारी नहीं दे पाई।

बालिका की पहचान और परिजनों की तलाश जारी

अधिकारियों के अनुसार, मंगलवार को बालिका को बाल कल्याण समिति के समक्ष पेश किया गया। फिलहाल उसकी पहचान स्पष्ट नहीं हो पाई है। संबंधित टीमें बालिका के परिवार और परिजनों का पता लगाने में जुटी हैं, ताकि उसे उचित संरक्षण उपलब्ध कराया जा सके और सुरक्षित रूप से परिवार तक पहुंचाने की प्रक्रिया पूरी की जा सके। बालिका की सुरक्षा और निजता को ध्यान में रखते हुए अधिकारियों ने उसकी फोटो या वीडियो प्रकाशित नहीं करने के निर्देश दिए हैं।

Advertisement