चूरू के धोधलिया गांव की महिला को 18 ट्रांजैक्शन के जरिए लगाया था चूना, मेहनत की कमाई वापस मिलने पर मिली राहत

चूरू। जिले के धोधलिया गांव की एक महिला का मोबाइल फोन हैक कर बैंक खाते से एक लाख रुपए से अधिक की रकम निकालने का मामला सामने आया है। साइबर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंक खातों और लेनदेन को ट्रेस किया तथा पीड़िता को ठगी की रकम में से 1 लाख 1 हजार रुपए वापस करवाए। अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने पर महिला ने राहत की सांस ली और साइबर पुलिस का आभार जताया।
साइबर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, धोधलिया निवासी 40 वर्षीय पकी कंवर ने शिकायत दी थी कि 4 अगस्त 2026 को उनका मोबाइल फोन हैक हो गया था। इसके बाद उनके बैंक खाते से अलग-अलग ट्रांजैक्शन के माध्यम से रकम निकाल ली गई। 4 से 8 अगस्त के बीच कुल 18 ट्रांजैक्शन के जरिए एक लाख रुपए से अधिक की साइबर ठगी की गई।
बैंक खातों को ट्रेस कर वापस दिलाई रकम
पीड़िता ने साइबर पुलिस से शिकायत कर ठगी की राशि वापस दिलाने की गुहार लगाई थी। मामले की जांच के दौरान साइबर थाना पुलिस ने संबंधित बैंक खातों को ट्रेस कर लेनदेन की जानकारी जुटाई। इसके बाद आवश्यक कार्रवाई करते हुए पीड़िता को 1,01,000 रुपए रिफंड करवाए गए।ठगी की रकम वापस मिलने पर महिला के चेहरे पर खुशी लौट आई। साइबर अपराध का शिकार होने के बाद अपनी मेहनत की कमाई का बड़ा हिस्सा वापस मिलने से उसे काफी राहत मिली।
साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस की अपील
साइबर थाना पुलिस ने आमजन से अपील की है कि मोबाइल फोन पर आने वाले संदिग्ध लिंक न खोलें और अपनी बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। ऑनलाइन ठगी होने पर बिना देरी किए साइबर अपराध हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज करवाएं, ताकि समय रहते कार्रवाई कर ठगी की रकम वापस दिलाने के प्रयास किए जा सकें।











