चूरू के राजकीय लोहिया कॉलेज के सामने राहुल गांधी का पुतला फूंका, मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग

चूरू। जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) में छात्राओं के कथित यौन उत्पीड़न के मामले को लेकर मंगलवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के कार्यकर्ताओं ने चूरू के राजकीय लोहिया कॉलेज के सामने प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी का पुतला फूंका और नारेबाजी कर अपना विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करने की मांग की।एबीवीपी के विभाग संयोजक कुलदीप सिंह जागावत ने कहा कि शिक्षण संस्थान विद्यार्थियों को सुरक्षित वातावरण देने और उनके व्यक्तित्व निर्माण के केंद्र हैं। ऐसे संस्थानों में छात्राओं के साथ यौन उत्पीड़न के मामले सामने आना गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाने की मांग की।जिला संयोजक नरेंद्र सिंह ने कहा कि ऐसे मामलों की जांच किसी के पद या राजनीतिक प्रभाव को ध्यान में रखे बिना की जानी चाहिए। यदि आरोप साबित होते हैं तो संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने छात्राओं को न्याय दिलाने और शैक्षणिक परिसरों में सुरक्षा सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
कांग्रेस की चुप्पी पर उठाए सवाल
चूरू नगर मंत्री नरेंद्र सिंह रामसरा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी इस मामले पर चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस महिला सशक्तीकरण की बात करती है, लेकिन छात्राओं से जुड़े इस मामले में पार्टी की ओर से अब तक कोई बयान सामने नहीं आया है।प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने मामले की निष्पक्ष जांच, पीड़िताओं को न्याय और शैक्षणिक संस्थानों में छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिक्षण परिसरों में सुरक्षित वातावरण बनाए रखना आवश्यक है, ताकि छात्राएं बिना किसी भय के अपनी पढ़ाई जारी रख सकें।प्रदर्शन के माध्यम से एबीवीपी ने संबंधित मामले में जवाबदेही तय करने और दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग दोहराई।











