सुबह धीमी रही मतदान की रफ्तार, 10 बजे बाद केंद्रों पर बढ़ी भीड़; 14 सितंबर को होगी मतगणना
बाली।पाली । प्रहलाद सिंह चारण
पाली जिले की बाली, सादड़ी और फालना नगरपालिकाओं में शुक्रवार को निकाय चुनाव के लिए मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुआ। तीनों नगरपालिकाओं में मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान प्रतिशत के मामले में फालना सबसे आगे रहा।आंकड़ों के अनुसार फालना नगरपालिका में 72.53 प्रतिशत, बाली में 68.86 प्रतिशत और सादड़ी में 66.42 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
सुबह धीमा, बाद में बढ़ी मतदान की रफ्तार
मतदान शुरू होने के बाद शुरुआती घंटों में केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या अपेक्षाकृत कम रही। हालांकि, सुबह करीब 10 बजे के बाद मतदान केंद्रों पर लोगों की भीड़ बढ़ने लगी और मतदान की रफ्तार में तेजी आई।मतदान के दौरान प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखी गई। किसी बड़े विवाद या अप्रिय घटना की सूचना सामने नहीं आई। वहीं, ईवीएम में गड़बड़ी की भी कोई बड़ी शिकायत सामने नहीं आने से मतदान प्रक्रिया निर्धारित तरीके से पूरी हुई।
14 सितंबर को खुलेगा प्रत्याशियों का भाग्य
मतदान समाप्त होने के साथ ही अब प्रत्याशियों की नजर चुनाव परिणाम पर टिक गई है। बाली, सादड़ी और फालना नगरपालिकाओं के लिए 14 सितंबर को मतगणना होगी। मतगणना के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किस वार्ड से कौन प्रत्याशी विजयी रहा और नगरपालिकाओं में बोर्ड गठन का गणित किसके पक्ष में जाता है।















