Advertisement
Home राजस्थान हनुमानगढ शहीद भगत सिंह की 119वीं जयंती पर डीवाईएफआई का रक्तदान शिविर

शहीद भगत सिंह की 119वीं जयंती पर डीवाईएफआई का रक्तदान शिविर

हनुमानगढ़ में शहीद भगत सिंह की जयंती पर डीवाईएफआई द्वारा आयोजित रक्तदान शिविर में रक्तदान करते युवा।

युवा साथियों ने लिया मानव सेवा का संकल्प, शिविर में 50 यूनिट रक्त संग्रहित

हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
भारत की जनवादी नौजवान सभा डीवाईएफआई जिला कमेटी हनुमानगढ़ की ओर से शहीद-ए-आजम भगत सिंह की 119वीं जयंती के अवसर पर रविवार को जंक्शन स्थित व्यापार मंडल धर्मशाला में विशाल रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। शिविर में युवाओं व कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए रक्तदान किया। शिविर के दौरान कुल 50 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शहीद भगत सिंह के विचारों को याद करते हुए मानव सेवा और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश देना रहा।

कार्यक्रम में डीवाईएफआई के जिला महासचिव वेद मक्कासर ने कहा कि भगत सिंह का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि शहीद भगत सिंह ने देश की आजादी के साथ समाज में समानता, न्याय और भाईचारे की स्थापना का सपना देखा था। आज युवाओं को उनके विचारों को अपने जीवन में उतारते हुए समाजहित के कार्यों में आगे आना चाहिए। रक्तदान को मानव सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए उन्होंने कहा कि एक व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान जरूरतमंद मरीज के जीवन को बचाने में मददगार साबित हो सकता है। उन्होंने युवाओं से नियमित रूप से रक्तदान करने तथा समाज में इसके प्रति जागरूकता बढ़ाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में पूर्व प्रदेशाध्यक्ष रघुवीर वर्मा ने कहा कि भगत सिंह केवल स्वतंत्रता आंदोलन के महान क्रांतिकारी ही नहीं, बल्कि युवाओं के लिए विचार और संघर्ष की प्रेरणा भी हैं। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने अपने जीवन में देश और समाज के लिए त्याग की मिसाल कायम की। उनके विचारों को आगे बढ़ाने का सार्थक तरीका यही है कि युवा समाज के जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आएं और जनसेवा के कार्यों में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने रक्तदान शिविर के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के कार्यक्रमों से युवाओं में सेवा, सहयोग और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है।

डीवाईएफआई पदाधिकारियों ने बताया कि शिविर में रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। रक्तदान करने वाले युवाओं को संगठन की ओर से प्रोत्साहित किया गया। आयोजन के दौरान शहीद भगत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया गया।

आयोजकों ने कहा कि डीवाईएफआई की ओर से भविष्य में भी जनहित से जुड़े ऐसे सेवा कार्य जारी रखे जाएंगे। शिविर के माध्यम से युवाओं को रक्तदान के महत्व के प्रति जागरूक करने का प्रयास किया गया। कार्यक्रम में जिला महासचिव वेद मक्कासर, तहसील सचिव सहदेव गोस्वामी, महावीर गिरी, सोनू सिंह, शेपत राम, अवरूप वर्मा, सौरभ वर्मा, सुखजीत सिंह, अजय, हनुमान, रमजान पार्षद, गुरनायब सिंह, रघुवीर वर्मा, रामेश्वर वर्मा, शेर सिंह, देवीलाल धौलीपाल, विकास, अमन, विनोद, पवन, सुशील खान, सुनील, रामपाल, सुभाष बोगियां, विनोद बोगियां, भीमसैन, राकेश गोरा, सुमित गर्ग, राजन सिंगला, भागमल, बजरंग लाल, दिनेश मजोका, लालचंद देवर्थ, नूर आलम सहित संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में युवा मौजूद रहे।

Advertisement