लाभार्थियों व आसपास के लोगों ने लिया भाग, योजनाओं की दी जानकारी
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
शहर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर आंगन मिलन सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी केंद्रों से जुड़े लाभार्थियों के साथ-साथ आसपास के लोगों ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित विभिन्न सेवाओं और योजनाओं के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी गई।
वार्ड 8 में आयोजित कार्यक्रम में पार्षद सर्वजीत कौर तथा महिला पर्यवेक्षक कमलजीत कौर मौजूद रहीं। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों की सेवाओं और विभागीय योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने की जानकारी दी। कार्यक्रम में महिला मोर्चा की सदस्य वीणा सिन्हा ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं, बच्चों और अन्य लाभार्थियों से संवाद किया गया तथा आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से मिलने वाली सुविधाओं के बारे में बताया गया। महिला पर्यवेक्षक कंवलजीत कौर ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और महिलाओं से जुड़ी सेवाओं के लिए महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने लाभार्थियों से केंद्रों पर मिलने वाली सुविधाओं का नियमित लाभ उठाने का आह्वान किया।
पार्षद सर्वजीत कौर ने कहा कि ऐसे कार्यक्रमों से आंगनबाड़ी केंद्रों और आमजन के बीच बेहतर संवाद स्थापित होता है। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों को सरकार की योजनाओं की जानकारी मिलने से पात्र लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने में सहायता मिलती है।
महिला मोर्चा सदस्य वीणा सिन्हा ने भी कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों के हित से जुड़ी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना जरूरी है। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई व शिशुओं का अन्नप्राशरण करवाया गया। आंगनबाडी सहायिका व कार्यकर्ताओं को प्रशस्ति पत्र व तुलसी पौधा देकर अतिथियों ने सम्मानित किया। इस मौके पर केके वर्तिया, विद्या मैम्बर, कालू सोनी, मंगतराम, धर्मवीर मक्कासर, राजकुमार सहित अन्य वार्डवासी मौजूद थे। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, लाभार्थी एवं आसपास के लोग उपस्थित रहे।

















