नन्हें वैज्ञानिकों ने मॉडल्स के जरिए दिखाई अपनी रचनात्मक प्रतिभा, मुख्य अतिथि ने दिए सफलता के तीन मंत्र
हनुमानगढ़।हिमांशु मिड्ढा
स्थानीय सरस्वती कॉन्वेंट स्कूल के मकुंस प्ले विंग में बुधवार को विज्ञान प्रदर्शनी का भव्य आयोजन किया गया। इस प्रदर्शनी में कक्षा 2 से लेकर कक्षा 4 तक के नन्हें-मुन्ने विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया और अपनी अनोखी वैज्ञानिक सोच से हर किसी को हैरान कर दिया। प्रदर्शनी में छात्र-छात्राओं ने विज्ञान के कई महत्वपूर्ण विषयों पर जीवंत और बेहद रचनात्मक मॉडल प्रस्तुत किए।
इनमें सोलर सिस्टम, जल चक्र (वाटर साइकिल), वायु प्रदूषण, स्मार्ट सिटी, वोल्केनो इरप्शन (ज्वालामुखी विस्फोट), मानव शरीर के प्रमुख अंग और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय शामिल रहे। निर्णायक मंडल ने प्रत्येक स्टॉल पर जाकर मॉडल्स का अवलोकन किया और बच्चों से जुड़े सवाल पूछे। विद्यार्थियों ने पूरे आत्मविश्वास और सरलता के साथ सभी सवालों के सटीक उत्तर दिए।
समारोह में बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित श्रीमती रेखा दादरी ने बाल वैज्ञानिकों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए सफलता के तीन मूल मंत्र दिए—”सवाल पूछना कभी मत छोड़ना, फेल होने से कभी मत डरना और हमेशा बड़े सपने देखना।”
विद्यालय की प्रधानाचार्या ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बच्चों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित होता है और उनमें कुछ नया रचने की जिज्ञासा बढ़ती है। कार्यक्रम के समापन पर उत्कृष्ट मॉडल प्रस्तुत करने वाले विजेता विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।














