Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं में साइबर जागरूकता अभियान, ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत...

झुंझुनूं में साइबर जागरूकता अभियान, ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत की अपील

झुंझुनूं में फिलिंग स्टेशन पर साइबर ठगी से बचाव की जानकारी देती साइबर पुलिस टीम

ओटीपी, बैंक डिटेल और निजी जानकारी साझा नहीं करने की दी हिदायत, ठगी होने पर तुरंत 1930 पर शिकायत की अपील की

झुंझुनूं ।अजीत जांगिड़
साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए साइबर थाना झुंझुनूं पुलिस की ओर से साइबर जागरूकता अभियान के तहत कस्बे के फिलिंग स्टेशन पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। साइबर सुरक्षित राजस्थान माह सितंबर 2026 अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में पुलिस टीम ने फिलिंग स्टेशन संचालक, कर्मचारियों और अन्य लोगों को ऑनलाइन ठगी के नए-नए तरीकों की जानकारी देते हुए साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए।।

कार्यक्रम महानिदेशक पुलिस साइबर क्राइम एवं तकनीकी सेवाएं, राजस्थान जयपुर के निर्देशानुसार, जिला पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय झुंझुनूं देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। साइबर थाना झुंझुनूं की टीम की ओर से आयोजित कार्यक्रम में एएसआई ताराचंद मीना मुख्य वक्ता रहे। उनके साथ एचसी अमर सिंह नंबर ने भी लोगों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया। पुलिस अधिकारियों ने ऑनलाइन फाइनेंशियल फ्रॉड, सोशल मीडिया हैकिंग, फिशिंग लिंक, डिजिटल अरेस्ट और निवेश के नाम पर होने वाली ठगी सहित साइबर अपराध के विभिन्न तरीकों की जानकारी दी। पुलिस टीम ने बताया कि साइबर ठग लोगों को अलग-अलग तरीकों से अपने जाल में फंसाकर बैंक खातों और निजी जानकारी तक पहुंच बनाने का प्रयास करते हैं। ऐसे में किसी अनजान व्यक्ति के झांसे, लालच या दबाव में आकर कोई भी गोपनीय जानकारी साझा नहीं करनी चाहिए।

पुलिस ने फिलिंग स्टेशन संचालक, कर्मचारियों और उपस्थित लोगों को विशेष रूप से हिदायत दी कि ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड और व्यक्तिगत दस्तावेज किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करें। सोशल मीडिया पर फोटो, आईडी, घर का पता, बच्चों के स्कूल का नाम अथवा अन्य निजी जानकारियां सार्वजनिक करने से भी बचने की सलाह दी गई। पुलिस ने मोबाइल फोन में टू-स्टेप वेरिफिकेशन सक्रिय रखने, अनजान कॉल या संदेश के माध्यम से मिलने वाले किसी भी प्रकार के लालच से सावधान रहने तथा निवेश के नाम पर जल्दी और ज्यादा कमाई के झांसे में नहीं आने की अपील की। कार्यक्रम के दौरान साइबर अपराध से बचाव के सरल उपाय बताते हुए पुलिस ने कहा कि यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाता है तो बिना देरी किए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। इसके साथ ही साइबरक्राइम डॉट जीओवी डॉट इन पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने अथवा नजदीकी पुलिस थाने में सूचना देने की अपील की गई। पुलिस टीम ने लोगों को साइबर अपराध के प्रति सतर्क रहने का संदेश देते हुए कहा कि अपराध की जानकारी जितनी जल्दी पुलिस तक पहुंचेगी, ठगी की रकम को रोकने और कार्रवाई करने की संभावना उतनी ही बढ़ेगी। कार्यक्रम के दौरान साइबर जागरूकता से संबंधित पंपलेट भी वितरित किए गए। पुलिस का संदेश रहा—सतर्क रहें, सुरक्षित रहें और साइबर अपराध को रोकने में सहयोग करें।

Advertisement