Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं झुंझुनूं VPL में मेधावियों का सम्मान, NEET-JEE चयन पर 11 लाख तक...

झुंझुनूं VPL में मेधावियों का सम्मान, NEET-JEE चयन पर 11 लाख तक पुरस्कार

झुंझुनूं VPL करियर इंस्टीट्यूट में मेधावी विद्यार्थियों का सम्मान समारोह

विद्यार्थियों की सफलता पर संस्थान ने बढ़ाया हौसला, फैकल्टी सदस्यों का भी किया सम्मान

झुंझुनूं । अजीत जांगिड़
शहर के गणपति नगर स्थित वीपीएल करियर इंस्टीट्यूट में शनिवार को विद्यार्थी सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। साथ ही विद्यार्थियों के शैक्षणिक मार्गदर्शन एवं उत्कृष्ट कार्य में योगदान देने वाले संस्थान के फैकल्टी सदस्यों का भी सम्मान किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी राजेश हलवान तथा विशिष्ट अतिथि ओएनजीसी के वरिष्ठ वैज्ञानिक संजीव कुमार रहे।

अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि करियर की दिशा तय करते समय अपनी रूचि और क्षमता को ध्यान में रखना चाहिए। लक्ष्य निर्धारित कर उसके लिए निरंतर मेहनत करने से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य की बेहतर योजना बनाने और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पित रहने के लिए प्रेरित किया। संस्थान के निदेशक इंजी. प्यारेलाल ढूकिया ने विद्यार्थियों को मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।

उन्होंने कहा कि किसी भी लक्ष्य को हासिल करने के लिए निरंतर प्रयास और आत्मविश्वास जरूरी है। संस्थान की संरक्षिका विनोद ढूकिया ने कहा कि विद्यार्थियों की उपलब्धियां संस्थान के लिए गर्व का विषय हैं। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण और उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराना संस्थान की प्राथमिकता है, ताकि वे भविष्य में नई ऊंचाइयां हासिल कर सकें।

नीट और जेईई एडवांस चयन पर मिलेगा 11 लाख तक का नगद पुरस्कार

समारोह में वीपीएल के निदेशक इंजी. पीयूष ढूकिया ने विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण घोषणा की। उन्होंने कहा कि आगामी समय में नीट के माध्यम से सरकारी मेडिकल कॉलेज में चयनित तथा जेईई एडवांस में चयनित विद्यार्थियों को संस्थान की ओर से कुल 11 लाख रूपए तक के नगद पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह पहल विद्यार्थियों को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से की गई है।

सहायक अभियंता ज्योति ढूकिया ने कहा कि विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा और मेहनत पर विश्वास रखते हुए निरंतर आगे बढ़ना चाहिए। ऐसे सम्मान समारोह विद्यार्थियों का उत्साह बढ़ाने के साथ उन्हें लक्ष्य प्राप्ति के लिए और अधिक प्रेरित करते हैं। वीपीएल सेंटर हेड डॉ. शिखा सहाय ने संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों के प्रदर्शन एवं आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों और अभिभावकों के विश्वास के प्रति आभार जताते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर परिणामों के लिए संस्थान की प्रतिबद्धता व्यक्त की।

कार्यक्रम का संचालन एडमिन हेड जितेंद्र शर्मा ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यार्थी की सफलता के पीछे उसकी मेहनत के साथ शिक्षक, अभिभावक और संस्थान का सामूहिक योगदान होता है। समारोह में विद्यार्थियों और फैकल्टी सदस्यों में खासा उत्साह नजर आया।कार्यक्रम का उद्देश्य मेधावी विद्यार्थियों की उपलब्धियों को पहचान देने के साथ उनका मनोबल बढ़ाना और अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।

Advertisement