Advertisement
Home राजस्थान चूरू रिडखला में मिट्टी भराव से जल निकासी बाधित, घरों में घुसा पानी;...

रिडखला में मिट्टी भराव से जल निकासी बाधित, घरों में घुसा पानी; ग्रामीणों ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

रिडखला में इंटरलॉक खुर्रा निर्माण के बाद जलभराव की समस्या

इंटरलॉक खुर्रा निर्माण के लिए 4-5 फीट मिट्टी भराव का आरोप, ग्रामीणों ने सरपंच पर लगाए गंभीर आरोप; जांच और तत्काल समाधान की मांग

चूरू। ग्राम पंचायत सोमासी के गांव रिडखला में इंटरलॉक खुर्रा निर्माण के लिए किए गए मिट्टी भराव के बाद जल निकासी बाधित होने और घरों में पानी भरने का मामला सामने आया है। समस्या के समाधान और मामले की जांच की मांग को लेकर ग्रामीणों ने मंगलवार को जिला कलेक्टर, एडीएम एवं पंचायत समिति के विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की।

ग्रामीणों के अनुसार, श्रवण मेघवाल के घर से गोविंदराम जांगिड़ के घर तक तथा खीम सिंह के घर से लक्ष्मणराम सैनी के घर तक इंटरलॉक खुर्रा निर्माण के लिए करीब 19.96 लाख रुपये की वित्तीय स्वीकृति जारी हुई है। ग्रामीणों का आरोप है कि रास्ता पहले से समतल होने के बावजूद निर्माण कार्य के लिए वहां करीब 4 से 5 फीट तक मिट्टी भराव किया गया।ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि मिट्टी भराव का कुछ हिस्सा निजी कृषि भूमि में भी कर दिया गया। उनका कहना है कि इससे रास्ते की ऊंचाई बढ़ने के कारण बारिश का पानी निकलने का रास्ता बाधित हो गया।

बारिश के बाद घरों और रसोई तक पहुंचा पानी

ग्रामीणों के मुताबिक 7 सितंबर को हुई बारिश के बाद जल निकासी की समस्या गंभीर हो गई। पानी घरों और रसोई तक पहुंच गया तथा पूरी रात जलभराव की स्थिति बनी रही। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि पानी निकालने के लिए मिट्टी हटाने का प्रयास किया गया तो विवाद की स्थिति उत्पन्न हुई और कुछ लोगों द्वारा लाठियां लेकर धमकाने का आरोप भी लगाया गया।

ग्रामीणों ने ज्ञापन में यह भी आरोप लगाया कि निर्माण कार्य शुरू करने से पहले मौके का उचित तकनीकी सर्वे और लेवल निर्धारण नहीं किया गया। उनके अनुसार, यदि निर्माण से पहले जल निकासी और सड़क के स्तर का तकनीकी परीक्षण किया जाता तो जलभराव की स्थिति से बचा जा सकता था।

ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल मिट्टी हटवाकर जल निकासी का रास्ता बहाल कराने, निर्माण कार्य की जांच कराने तथा यदि जांच में अनियमितता या लापरवाही सामने आती है तो संबंधित व्यक्तियों एवं अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

जल, मृदा और वृक्ष हमारी प्राणवान सम्पदा – राजेन्द्र राठौड़

Advertisement