जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने नगर निकाय आम चुनाव 2026 के मध्यनजर चूरू नगरपरिषद व रतननगर नगरपालिका के लिए मतदान दलों के द्वितीय प्रशिक्षण एवं रवानगी का किया पर्यवेक्षण, दिए निर्देश
चूरू। जिला निर्वाचन अधिकारी अभिषेक सुराणा ने मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय में नगर निकाय आम चुनाव-2026 के तहत चूरू नगरपरिषद एवं रतननगर नगरपालिका के वार्ड सदस्यों के निर्वाचन के लिए नियुक्त मतदान दलों के द्वितीय प्रशिक्षण एवं रवानगी प्रक्रिया का पर्यवेक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदान दलों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान सुनिश्चित कराने के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस अवसर पर जिला निर्वाचन अधिकारी सुराणा ने कहा कि निर्वाचन लोकतंत्र की रीढ़ हैं और निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता एवं निष्पक्षता अत्यंत महत्वपूर्ण है। सभी मतदान कार्मिक अपने दायित्वों के प्रति प्रतिबद्ध रहते हुए निर्वाचन आयोग के निर्देशों एवं नियमों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करें।उन्होंने कहा कि मतदान दल अपने-अपने मतदान केंद्रों पर पहुंचकर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का भौतिक रूप से जायजा लें। मतदान केंद्र पर किसी प्रकार की कमी अथवा समस्या सामने आने पर संबंधित अधिकारियों को तत्काल अवगत करवाएं, ताकि समय रहते उसका समाधान किया जा सके। उन्होंने कहा कि मतदान दल मतदान प्रक्रिया को लेकर पूरी तरह स्पष्ट एवं सजग रहें। किसी भी प्रकार की समस्या होने पर सेक्टर मजिस्ट्रेट एवं एरिया मजिस्ट्रेट को तत्काल सूचना दें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कार्मिक आपसी समन्वय से कार्य करते हुए शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर एसपी निश्चय प्रसाद एम ने कहा कि मतदान दल व सुरक्षा कार्मिक आपसी समन्वय एवं टीम भावना के साथ कार्य करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करवाएं। मतदान प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक कार्मिक सजगता और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करे। उन्होंने मतदान के दौरान कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में की गई तैयारियों एवं गतिविधियों की जानकारी दी।
चूरू नगरपरिषद रिटर्निंग अधिकारी एवं सीईओ श्वेता कोचर ने मतदान दलों को उनके दायित्वों एवं निर्वाचन संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों, आवश्यक प्रपत्रों, ईवीएम संचालन तथा मतदान केंद्र पर अपनाई जाने वाली प्रक्रियाओं के संबंध में महत्वपूर्ण निर्देश दिए।इस दौरान मास्टर ट्रेनरों ने मतदान दलों को निर्वाचन प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया। इस अवसर पर एसडीएम धीरज झाझड़िया, सीओ गजेन्द्र सिंह सहित संबंधित अधिकारी एवं मतदान दल उपस्थित रहे।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने घर-घर जाकर एसआईआर – 2026 कार्य का किया अवलोकन










