Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं मंदिर के चांदी के छत्र खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार, पांचों छत्र बरामद

मंदिर के चांदी के छत्र खरीदने वाला आरोपी गिरफ्तार, पांचों छत्र बरामद

गोठड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: चोरी के तीन आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार, खरीददार तक भी पहुंची पुलिस

खेतड़ी ।झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
गोठड़ा थाना पुलिस ने मंदिर में चोरी की वारदात का खुलासा करते हुए चोरी के चांदी के छत्र खरीदने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए पांचों चांदी के छत्र बरामद कर लिए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान लोकेश पुत्र लखीप्रसाद, निवासी वार्ड नंबर 6, पुराना बाजार पलसाना, थाना रानोली, जिला सीकर के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक कावेन्द्र सिंह सागर के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र सिंह राजावत के मार्गदर्शन तथा नवलगढ़ वृत्ताधिकारी सुगन सिंह के सुपरविजन में थानाधिकारी प्रेमप्रकाश के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार 25 मई 2026 को छाजुवाला धाम मंदिर, केशा की ढाणी, तन पुजारी की ढाणी में अज्ञात चोरों ने मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़ दिया और मंदिर से पांच चांदी के छत्र चोरी कर लिए थे। घटना के बाद गोठड़ा थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने वारदात में शामिल बलराज, मुकेश कुमार और महिपत सिंह को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। मामले की जांच को आगे बढ़ाते हुए पुलिस ने चोरी के चांदी के छत्र खरीदने वाले लोकेश को गिरफ्तार किया। पूछताछ के बाद आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए पांचों चांदी के छत्र बरामद कर लिए। पुलिस अब चोरी के माल की खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य पहलुओं को लेकर भी जांच कर रही है ।कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में थानाधिकारी प्रेमप्रकाश , हैड कांस्टेबल राजेश कुमार , कांस्टेबल निहाल सिंह और कांस्टेबल दिनेश कुमार शामिल रहे। गोठड़ा पुलिस की इस कार्रवाई से मंदिर चोरी प्रकरण में न केवल चोरी के आरोपियों तक पुलिस पहुंची, बल्कि चोरी का माल खरीदने वाले आरोपी को भी गिरफ्तार कर पांचों चांदी के छत्र बरामद करने में सफलता हासिल की है।

 

Advertisement