पपुरना में नरदेव सिंह की स्मृति में राजपूत एकता समारोह, महिपाल सिंह मकराणा ने भी दिया संगठन मजबूत करने का संदेश
खेतड़ी।झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड क्षेत्र के पपुरना गांव स्थित शाकंभरी माता मंदिर परिसर में सोमवार को निर्वाण वंश के संस्थापक नरदेव सिंह की स्मृति में राजपूत एकता समारोह आयोजित किया गया। समारोह में बड़ी संख्या में समाज के लोग शामिल हुए और एकजुट होकर सामाजिक हितों के लिए कार्य करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि किसान नेता ठाकुर पूर्ण सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष महिपाल सिंह मकराणा ने की। अतिथियों एवं समाज के गणमान्य लोगों ने नरदेव सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। समारोह को संबोधित करते हुए ठाकुर पूर्ण सिंह ने कहा कि समाज की प्रगति के लिए आपसी भाईचारा, एकता और सहयोग बेहद जरूरी है। समाज के लोगों को आपसी मतभेदों को भुलाकर सामाजिक हितों के लिए संगठित होकर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा समाज की सबसे बड़ी शक्ति हैं, इसलिए उन्हें बेहतर शिक्षा, संस्कार और सही मार्गदर्शन उपलब्ध करवाना समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि समाज के सक्षम लोगों को शिक्षा, रोजगार सहित अन्य क्षेत्रों में जरूरतमंद परिवारों की मदद के लिए आगे आना चाहिए। समाज के विकास में प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका महत्वपूर्ण है। अध्यक्षीय संबोधन में महिपाल सिंह मकराणा सहित अन्य वक्ताओं ने भी सामाजिक एकजुटता, शिक्षा और समाज के उत्थान को लेकर विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि मजबूत संगठन और आपसी सहयोग के माध्यम से समाज की नई पीढ़ी को बेहतर दिशा दी जा सकती है।
समारोह के दौरान समाज के लोगों ने नरदेव सिंह के जीवन, संघर्ष और योगदान को याद करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया। इस दौरान राजपूत समाज की एकता, शिक्षा, युवाओं की भूमिका और सामाजिक उत्थान सहित विभिन्न विषयों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम में अतिथियों एवं समाज के गणमान्य लोगों का स्वागत भी किया गया। इस मौके पर मनोहर सिंह घोड़िवारा, करणी सेना जिलाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह फौजी, पूर्व सरपंच फतेहसिंह शेखावत, मोहन सिंह निर्वाण, भागीरथ सिंह निर्वाण, हरिओम सिंह उसरिया, घनश्याम सिंह, राजेंद्र सिंह हरड़िया, जयपाल सिंह, पूर्व सरपंच वीर सिंह, मदन सिंह, सुरेश सिंह, नरेश सिंह, राजेश सिंह, अनिल सिंह और संदीप सिंह सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग मौजूद रहे।











