Advertisement
Home राजस्थान झुंझुनूं ‘आचार संहिता की आड़ में निर्माण’ का आरोप, वक्फ जमीन पर बेखौफ...

‘आचार संहिता की आड़ में निर्माण’ का आरोप, वक्फ जमीन पर बेखौफ निर्माण!, प्रशासन की कार्रवाई पर उठे सवाल

खसरा 2840-2841 और गैर-मुमकिन कब्रिस्तान खसरा 2786 का मामला; जिला वक्फ कमेटी ने तहसीलदार को शिकायत देकर निर्माण तत्काल रूकवाने की मांग की

झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
शहर में वक्फ संपत्तियों पर कथित अवैध निर्माण और भूमि खुर्द-बुर्द किए जाने के आरोपों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। जिला वक्फ कमेटी ने दो अलग-अलग वक्फ संपत्तियों पर निर्माण कार्य किए जाने का आरोप लगाते हुए तहसीलदार झुंझुनूं को शिकायत दी है। कमेटी ने साफ शब्दों में मांग की है कि मौके पर तत्काल कार्रवाई कर निर्माण रूकवाया जाए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। जिला वक्फ कमेटी के जिला सदर इकबाल खां गांगियासर ने 7 सितंबर को तहसीलदार को दिए शिकायत पत्रों में दोनों मामलों को गंभीर बताते हुए प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। शिकायत के मुताबिक एक मामला खसरा संख्या 2840 एवं 2841 से जुड़ा है, जबकि दूसरा मामला खसरा संख्या 2786, जो रिकॉर्ड में गैर-मुमकिन कब्रिस्तान के नाम दर्ज बताया गया है, से संबंधित है।

वक्फ संपत्ति होने का दावा, फिर भी निर्माण जारी

पहले मामले में कमेटी ने बताया कि पुराना खसरा संख्या 565/2/1, वर्तमान खसरा संख्या 2840 एवं 2841, खाता संख्या 1445 तथा कुल रकबा 2.14 हेक्टेयर की भूमि को पुराने राजस्व रिकॉर्ड और वक्फ रजिस्टर में वक्फ संपत्ति के रूप में दर्ज बताया गया है। शिकायत में वक्फ प्राधिकरण जयपुर के प्रकरण संख्या 54/2012 में 15 दिसंबर 2015 को पारित निर्णय का भी हवाला दिया गया है। साथ ही कमेटी ने बताया कि प्रकरण संख्या 4/2016 वर्तमान में वक्फ प्राधिकरण के समक्ष विचाराधीन है। इसके बावजूद कमेटी का आरोप है कि वर्तमान खातेदारों की ओर से भूमि का लगातार बेचान किया जा रहा है और मौके पर निर्माण कार्य भी चल रहा है। कमेटी ने प्रशासन से सवाल उठाया है कि जब संपत्ति के संबंध में न्यायिक विवाद और वक्फ रिकॉर्ड का मामला मौजूद है, तो कथित निर्माण और भूमि के हस्तांतरण पर रोक क्यों नहीं लगाई जा रही?

कब्रिस्तान की जमीन पर तलघर बनाने का आरोप

दूसरा मामला और भी संवेदनशील बताया गया है। कमेटी के अनुसार खसरा संख्या 2786 राजस्व रिकॉर्ड में गैर-मुमकिन कब्रिस्तान के नाम दर्ज है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा इस भूमि पर बिना अनुमति निर्माण कराया जा रहा है। कमेटी ने यहां तक आरोप लगाया है कि तलघर आदि का निर्माण कर वक्फ भूमि को खुर्द-बुर्द करने का प्रयास किया जा रहा है। इस मामले को लेकर आम मुस्लिम समाज में रोष और आक्रोश होने की बात भी शिकायत में कही गई है।

‘आचार संहिता की आड़ में निर्माण’ का आरोप

जिला वक्फ कमेटी ने दूसरे शिकायत पत्र में आरोप लगाया है कि आचार संहिता की आड़ में वक्फ संपत्ति पर निर्माण कार्य किया जा रहा है। कमेटी ने तहसील प्रशासन से मौके पर तत्काल पहुंचकर निर्माण कार्य रूकवाने तथा निर्माण की अनुमति और भूमि के रिकॉर्ड की जांच करने की मांग की है। दोनों शिकायतों के बाद सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या प्रशासन मौके पर तत्काल कार्रवाई करेगा या वक्फ संपत्तियों पर कथित निर्माण कार्य इसी तरह जारी रहेगा? जिला वक्फ कमेटी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि निर्माण नहीं रूकवाया गया तो उसे अवमानना का प्रकरण सहित अन्य कानूनी कदम उठाने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। जिला सदर इकबाल खां गांगियासर ने प्रशासन से मांग की है कि दोनों मामलों में बिना देरी किए मौका निरीक्षण, राजस्व रिकॉर्ड की जांच, निर्माण की वैधता की पड़ताल और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। अब गेंद जिला प्रशासन के पाले में है। शिकायत में खसरा नंबर तक स्पष्ट रूप से बताए जाने और एक मामले में न्यायिक प्रकरण लंबित होने के दावे के बीच प्रशासन की अगली कार्रवाई पर शहर की नजर रहेगी।

Advertisement