Advertisement
Home राजस्थान चूरू चूरू में कांग्रेस की नुक्कड़ सभाओं में जुटी भीड़, राहुल कस्वां और...

चूरू में कांग्रेस की नुक्कड़ सभाओं में जुटी भीड़, राहुल कस्वां और रफीक मंडेलिया ने साधा भाजपा सरकार पर निशाना

राहुल कस्वां ने ओवरब्रिज और एलिवेटेड रोड का मुद्दा उठाया, मंडेलिया बोले—निकाय चुनाव में जनता को बदलाव का मौका

चूरू। नगर निकाय चुनाव 2026 को लेकर रविवार देर शाम चूरू शहर के विभिन्न इलाकों में कांग्रेस की ओर से नुक्कड़ सभाओं का आयोजन किया गया। वार्ड नंबर 4, इन्द्र कॉलोनी, प्रतिभा नगर, पठान चौक, मोहल्ला तेलियान, बुधे खां के घर के पास तथा वार्ड नंबर 19 में नूर मस्जिद के पास आयोजित सभाओं में चूरू सांसद राहुल कस्वां और राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया शामिल हुए।

नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए सांसद राहुल कस्वां ने शहर के विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि ओवरब्रिज के मूल स्वरूप में बदलाव कर उसे फोरलेन के बजाय टू-लेन किया जा रहा है, जो उनके अनुसार भविष्य में शहर के लिए परेशानी का कारण बन सकता है।

राहुल कस्वां ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के चूरू दौरे के दौरान एलिवेटेड रोड की घोषणा का उल्लेख करते हुए कहा कि घोषणा को अब तक पूरा नहीं किया गया है। उन्होंने राज्य सरकार के कार्यकाल में विकास कार्यों की गति पर भी सवाल उठाते हुए सरकार पर घोषणाओं के जरिए प्रचार हासिल करने का आरोप लगाया।

मंडेलिया बोले—निकाय चुनाव विधानसभा जैसा माहौल

पीसीसी उपाध्यक्ष रफीक मंडेलिया ने नुक्कड़ सभाओं में जुटी भीड़ का उल्लेख करते हुए कहा कि सभाओं का माहौल उन्हें निकाय चुनाव के बजाय विधानसभा चुनाव जैसा नजर आ रहा है। उन्होंने इसे कांग्रेस के पक्ष में लोगों के रुख का संकेत बताते हुए कहा कि अब वार्डवासियों की भूमिका अपने-अपने वार्ड के उम्मीदवारों का चयन करने और नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाने में महत्वपूर्ण होगी।

मंडेलिया ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार चुनाव कराने को लेकर लंबे समय तक टालमटोल करती रही। उन्होंने कार्यकर्ताओं और वार्डवासियों से चुनाव में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा कांग्रेस प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान की अपील की।

कांग्रेस के कई नेता और कार्यकर्ता रहे मौजूद

नुक्कड़ सभाओं के दौरान पीसीसी सचिव रियाजत खां, शहर ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष असलम खोखर, देहात ब्लॉक अध्यक्ष किशोर धान्धू, निवर्तमान सभापति पायल सैनी, पूर्व सभापति गोविन्द महनसरिया, पंचायत समिति प्रतिपक्ष नेता धर्मेन्द्र बुडानिया, वरिष्ठ कांग्रेस नेता मो. हुसैन निर्बाण, किसान नेता आदूराम न्यौल, मोहनलाल आर्य, विद्याधर मेघवाल, जिला कांग्रेस प्रवक्ता जमील चौहान, रमजान खान, नारायण बालाण, हमीद रिसालदार, संजय भाटी, विमल शर्मा, प्रित चावरिया, जितेन्द्र बाबल, मनीष कुमावत, आबिद मोयल, लालचंद सैनी, लीलाधर चुलैट, सुनीता कपुनिया, सोहनलाल मेघवाल, सुभाष मेघवाल, जाकिर खान, विनोद सैनी, श्यामलाल सैनी, अबरार खां, वाहिद अली और आनन्द सैनी सहित बड़ी संख्या में वार्डवासी एवं कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Advertisement