जैलाफ के संजय पहलवान और रोहतक के साहिल नाड़ के बीच हुआ रोमांचक मुकाबला, दोनों को 25-25 हजार रूपए से किया सम्मानित
खेतड़ी।झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
मेहाड़ा स्थित प्रसिद्ध गोगाजी धाम में चल रहे तीन दिवसीय वार्षिक मेले के अंतिम दिन सोमवार को श्रद्धा और रोमांच का अनूठा संगम देखने को मिला। गोगाजी महाराज के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु उमड़े। श्रद्धालुओं ने मंदिर में धोक लगाकर खुशहाली की कामना की और मेले में जमकर खरीदारी की। मेले में उमड़ी भीड़ के बीच आयोजित कुश्ती दंगल आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। ग्राम पंचायत मेहाड़ा जाटवास की ओर से आयोजित कुश्ती दंगल में आसपास के क्षेत्रों सहित दूर-दराज से पहुंचे पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। दंगल की सबसे बड़ी और प्रतिष्ठित 1 लाख 31 हजार रूपए की इनामी कुश्ती जैलाफ के संजय पहलवान और रोहतक के साहिल नाड़ के बीच हुई। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कड़ी चुनौती दी और मुकाबला काफी देर तक रोमांचक बना रहा। आखिरकार दोनों पहलवानों के बीच मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ। मुकाबला बराबरी पर रहने के बाद दंगल समिति की ओर से दोनों पहलवानों को 25-25 हजार रूपए की राशि देकर सम्मानित किया गया। कुश्ती के दौरान स्टेडियम में मौजूद दर्शकों ने जोरदार तालियों और उत्साह के साथ पहलवानों का हौसला बढ़ाया। मेले के दौरान विधायक धर्मपाल गुर्जर ने मुख्य सड़क से स्टेडियम तक विधायक कोष से नवनिर्मित सड़क का लोकार्पण किया। सड़क निर्माण से मेले के दौरान श्रद्धालुओं और ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है। मेले में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए पुलिस प्रशासन, मंदिर समिति के कार्यकर्ताओं, स्थानीय स्वयंसेवकों और नवयुवक मंडल के सदस्यों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। भीड़ नियंत्रण, यातायात और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर आयोजन समिति एवं प्रशासन की ओर से विशेष ध्यान दिया गया। कार्यक्रम में प्रधान मनीषा गुर्जर, मदनलाल गुर्जर, होशियार सिंह चौधरी, प्रकाश चंद अवाना, रोहताश मनकड़ा, राजेश बबलू अवाना, प्रभु राजौता, सतीश खारड़िया, शंकरलाल, छोटेलाल पहलवान, चुन्नीलाल, विक्रम स्वामी, बिजनेस एवं कृष्ण सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।











