पपुरना की आबादी में ओवरलोड डंपरों का आतंक, ग्रामीणों ने सौंपा ज्ञापन, पत्थर गिरने से मकान की दीवार हुई क्षतिग्रस्त, ग्रामीण बोले—बड़ा हादसा होने से पहले रोकी जाए भारी वाहनों की आवाजाही
खेतड़ी।झुंझुनूं। अजीत जांगिड़
खेतड़ी उपखंड के पपुरना गांव में आबादी क्षेत्र से दिन-रात गुजर रहे पत्थरों से लदे ओवरलोड डंपरों के संचालन को लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है। भारी वाहनों की आवाजाही से लगातार दुर्घटना का खतरा बना रहने का आरोप लगाते हुए सैकड़ों ग्रामीणों ने पुलिस थानाधिकारी बुद्धि प्रकाश को ज्ञापन सौंपकर आबादी क्षेत्र से ओवरलोड डंपरों का संचालन बंद करवाने तथा उनका रूट बदलने की मांग की। ग्रामीणों ने बताया कि पपुरना गांव की आबादी के बीच से बड़ी संख्या में पत्थरों से भरे भारी और ओवरलोड डंपर गुजरते हैं। इन वाहनों से सड़क पर पत्थर गिरने के साथ ही तेज गति के कारण हर समय हादसे की आशंका बनी रहती है। ग्रामीणों का कहना है कि आबादी क्षेत्र में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और राहगीर आवागमन करते हैं, ऐसे में भारी वाहनों की आवाजाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। एडवोकेट निरंजन लाल सैनी ने बताया कि दो दिन पहले आबादी क्षेत्र से गुजर रहे एक डंपर से पत्थर गिरने के कारण सड़क किनारे बने मकान की दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि उस समय दीवार के पास कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार शिकायतों के बावजूद ओवरलोड वाहनों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से समस्या बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने मांग की कि भारी वाहनों को आबादी क्षेत्र से निकालने के बजाय पूर्व निर्धारित पुराने रूट से संचालित किया जाए। इसके साथ ही मार्ग पर आवश्यक स्थानों पर स्पीड ब्रेकर लगवाने की मांग भी की गई, ताकि वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण हो सके।
‘बड़े हादसे का इंतजार न करे प्रशासन’
ग्रामीणों का कहना है कि आबादी क्षेत्र से ओवरलोड डंपरों की आवाजाही बंद करवाने को लेकर वे लंबे समय से प्रशासन को अवगत कराते आ रहे हैं, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ। ग्रामीणों ने प्रशासन से ओवरलोडिंग पर प्रभावी कार्रवाई करने और आबादी क्षेत्र में भारी वाहनों की आवाजाही तत्काल रोकने की मांग की। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही आबादी क्षेत्र से ओवरलोड डंपरों का संचालन बंद नहीं करवाया गया तो ग्रामीण आंदोलन करने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन को किसी बड़े हादसे का इंतजार करने के बजाय समय रहते कार्रवाई करनी चाहिए। ज्ञापन सौंपने वालों में एडवोकेट निरंजन लाल सैनी, राजेश कुमावत, मदन जोगी, राकेश जांगिड़, विक्रम प्रजापति, रतनलाल कुमावत, पवन कुमार गुप्ता, सुभाष, विनोद कुमार सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।










